‘मुझे भी चिंता होने लगती है, जब मेरी अपनी बेटी घर से बाहर जाती है”

राष्ट्रवादी कांग्रेस की सांसद सुप्रिया सुले ने क्यों जताई ऐसी चिंता? 

पुणे। पुणे समाचार ऑनलाइन

आज महिलाओं पर अन्याय- अत्याचार की घटनाओं को सुनते ही मन सुन्न हो जाता है। मेरी अपनी 19 साल की बेटी है, जब वह बाहर जाती है तब मुझे भी उसकी चिंता होने लगती है। एक तरफ महिलाएं हर क्षेत्र में कार्यरत और आगे हैं, यह देख कर जितनी खुशी होती है उतना ही उनपर अन्याय- अत्याचार की घटनाओं को सुनकर दिल कांप उठता है। यह चिंता जताते हुए राष्ट्रवादी कांग्रेस की सांसद सुप्रिया सुले ने कहा कि, महिला अत्याचार की बढ़ती घटनाओं के मद्देनजर केंद्र सरकार अच्छे दिन ला सकी है, ऐसा बिल्कुल भी नहीं लगता। सरकार को इस दिशा में ठोस कदम उठाने की जरूरत है।

पुणे मनपा में कांग्रेस के गुटनेता अरविंद शिंदे के प्रभाग में महिलाओं में सिलाई मशीन वितरण के कार्यक्रम में सांसद सुप्रिया सुले के साथ कांग्रेस विधायक प्रणिती शिंदे बुधवार को पुणे पहुंची थी। यहां उन्होंने अन्याय- अत्याचार के खिलाफ महिलाओं को खुद आवाज बुलंद करने की जरूरत बताई। इस कार्यक्रम के मंच पर मनपा में विपक्षी दल के नेता चेतन तुपे, काँग्रेस शहर अध्यक्ष रमेश बागवे, नगरसेवक विशाल तांबे, राष्ट्रवादी महिला पुणे इकाई की शहराध्यक्षा रुपाली चाकणकर आदि उपस्थित थी।

पूरे देशभर में महिलाओं पर अन्याय- अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं, इनकी रोकथाम के लिए सरकार को ठोस कदम उठाने चाहिए। मगर हमारे देश के प्रधानमंत्री अपनी मां को फोटोशूट के लिए बैंक की लंबी कतार में खड़ा करते हैं, पत्नी कहां है खुद उनको ही नहीं पता। जिन्हें अपनी मां और पत्नी की चिंता नहीं वो देश की महिलाओं की समस्याओं को क्या समझेंगे? यह सवाल उठाते हुए कांग्रेस की विधायक प्रणिती शिंदे ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधा।

महिला अत्याचार की बढ़ती घटनाओं की रोकथाम के लिए सरकार कोई ठोस कदम नहीं उठा रही है, इसका बेहद दुख होता है। एक तरफ महिलाओं को 33 की बजाय 50 फीसदी आरक्षण दिया जा रहा है, महिला न केवल हर क्षेत्र में कार्यरत हैं बल्कि आगे भी हैं। वहीं दूसरी ओर महिलाओं पर अन्याय- अत्याचार की घटनाएं बढ़ रही हैं। इसके चलते स्कुली जीवन से ही महिलाओं का सम्मान करने की शिक्षा देने की व्यवस्था निर्माण करने की जरूरत है। मगर अपने यहां ऐसी कोई व्यवस्था होती नजर नहीं आ रही, इसका अफसोस जताते हुए विधायक शिंदे ने समाज के हर तबके से महिलाओं का सम्मान करने की अपील की।