कर्नाटक: नहर में गिरी बस, स्कूली बच्चों सहित 25 की मौत

बेंगलुरु : समाचार ऑनलाइन – कर्नाटक में मांड्या में एक दिल दहलाने वाला हादसा हुआ है। यहां एक बस विश्वेश्वरैया नहर में जा गिरी, जिससे उसमें सवार 5 स्कूली बच्चों सहित 25 यात्रियों की मौत हो गई। रेस्क्यू टीम लोगों को निकालने में जुटी हुई है। रिपोर्ट के अनुसार, मृतकों के आंकड़े में बढ़ोत्तरी हो सकती है।  यह एक निजी बस थी, जो अनियंत्रित होकर नहर में जा गिरी। अभी तक घटना के कारणों का पता नहीं चल सका है।

कर्नाटक के मुख्यमंत्री एच डी कुमारास्वामी ने दुर्घटना पर शोक जताया है। जानकारी मिलते ही वह तत्काल घटनास्थल के लिए रवाना हो गए हैं। कुमारस्वामी ने जिले केप्रभारी मंत्री सी एस पुत्तराजू और जिले के उपायुक्त से इस बारे में बातचीत की और उन्हें तत्काल दुर्घटनास्थल पहुंचने और बचाव कार्यो की निगरानी करने का निर्देश दिया।

इधर कर्नाटक के उप मुख्यमंत्री जी परमेश्वर ने कहा कि हादसे में 25 लोग मारे गए हैं। उन्होंने कहा, मुझे लगता है कि ड्राइवर ठीक से बस नहीं चला रहा था अधिक जानकारी के लिए हम इंतजार कर रहे हैं।

12 ने कूद कर बचाई जान

पुलिस के मुताबिक, हादसा मांड्या के पांडवपुरा तालुक के पास हुआ। बस में करीब 40 यात्री सवार थे। मरने वालों में स्कूली बच्चे भी शामिल हैं। करीब 12 यात्रियों ने बस के नहर में गिरने से पहले कूदकर जान बचा ली। वहीं, गांव वालों ने एक बच्चे को भी जिंदा बचा लिया है। घटनास्थल पर पुलिस, स्थानीय लोग और एंबुलेंस पहुंच चुकी है। कुछ घायलों का नजदीकी अस्पताल में इलाज चल रहा है।