एसटी कर्मियों की हड़ताल ने लिया हिंसक मोड़

नांदेड़। पुणे समाचार ऑनलाइन

वेतनवृद्धि समेत अपनी विभिन्न मांगों को लेकर एसटी (महाराष्ट्र स्टेट ट्रांसपोर्ट लि) कर्मचारियों द्वारा बीती मध्यरात्रि से शुरू की गई हड़ताल को राज्य के कुछ हिस्सों में हिंसक मोड़ मिला। नांदेड़ जिले के भोकर तालुका में दो एसटी बसों की कांच तोड़ी गई। भोसी पाटी के पास बस के आते ही उसपर पथराव किया गया। वहीं हदग़ांव जा रही बस पर भी पथराव किया गया। यहां उस्मानाबाद में तीन एसटी कर्मचारियों को हिरासत में लिया गया।

अचानक से शुरू की गई इस हड़ताल से यात्रियों को काफी दिक्कतों से जूझना पड़ रहा है। पंढरपुर में कई यात्री फंसे पड़े हैं। राज्य में एसटी की कुल 17 हजार बसें हैं जिनमें रोजाना 70 लाख यात्री सफर करते हैं। एसटी के किसी भी आधिकारिक संगठन ने इस हड़ताल की घोषणा नहीं की है। कर्मचारियों ने खुद से शुरू की हड़ताल को भारी प्रतिसाद मिला है। राज्यभर में कई बसें डिपो में ही खड़ी रही। बहरहाल टिकट काटने की मशीन बांटने की जिम्मेदारी में कसूर रखने वाले अम्बाजोगाई डिपो के प्रबंधक चाटे को निलंबित कर दिया गया है। राज्य के अन्य हिस्सों में भी कर्मचारियों की धरपकड़ शुरू है और हर हाल में इस हड़ताल का दमन की कोशिश की जा रही है।