बिहार में खिली धूप, सर्द हवाओं ने बढ़ाई ठिठुरन

पटना, 27 दिसंबर (आईएएनएस)| बिहार की राजधानी पटना तथा इसके आसपास के क्षेत्रों में गुरुवार को सुबह मौसम साफ रहा तथा सुबह से ही खिली हुई धूप निकली है। इस बीच हालांकि चल रही ठंडी हवाओं के कारण सर्दी का प्रकोप बना हुआ है।

पटना में गुरुवार को न्यूनतम तापमान में 8.2 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

मौसम विभाग के अनुसार, “अगले 24 से 48 घंटे के दौरान राज्य के अधिकांश क्षेत्रों में मौसम साफ रहेगा तथा न्यूनतम तापमान में गिरावट आने की संभावना है। शाम होने के बाद कोहरे का असर प्रारंभ हो जाएगा, जो सुबह दिन चढ़ने तक बना रहेगा। इस बीच ठंडी हवाएं चलेंगी, जिससे ठंड बनी रहेगा।”

बिहार के गया का गुरुवार को न्यूनतम तापमान 7.0 डिग्री सेल्सियस तथा पूर्णिया का 6.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया।

पटना का गुरुवार को अधिकतम तापमान 23.0 डिग्री सेल्सियस के करीब रहने की संभावना है। बुधवार को पटना का अधिकतम तापमान 23.6 डिग्री सेल्सियस तथा न्यूनतम तापमान 7.4 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया था।