भारतीय शांतिसेना में लिंग संतुलन की संयुक्त राष्ट्र ने की प्रशंसा

संयुक्त राष्ट्र : समाचार ऑनलाईन – संयुक्त राष्ट्र के महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने शांति अभियानों के लिए अपनी टुकड़ियों में महिलाओं का उच्चतम अनुपात रखने के लिए भारत की प्रशंसा की है।

उन्होंने शुक्रवार को अंतर्राष्ट्रीय शांति दिवस के लिए भारत के स्वागत समारोह में कहा, “भारत में महिलाओं का सबसे बड़ा प्रतिशत है, विशेष रूप से पुलिस बल में 22 प्रतिशत महिलाएं हैं, जो बिल्कुल उल्लेखनीय है। यह एक असाधारण योगदान है।”

उन्होंने कहा, “संयुक्त राष्ट्र चार्टर के प्रति प्रतिबद्धता और संयुक्त राष्ट्र के मूल्यों के अनुसार पुरुषों और महिलाओं को समान रूप से शांतिरक्षक बनाए रखने के लिए मैं भारत के प्रति गहरी कृतज्ञता और प्रशंसा व्यक्त करता हूं।”

उन्होंने कहा कि दुनियाभर में संयुक्त राष्ट्र के शांति अभियानों में काम कर रहे 6,400 कर्मचारी भारत से हैं।

संयुक्त राष्ट्र की सेवा करते हुए मारे गए सैनिकों को अंतर्राष्ट्रीय शांति रक्षक दिवस के मौके पर याद करते हुए उन्होंने कहा, “मुझे यकीन है कि यह पूरे साल में हम सभी के लिए सबसे भावनात्मक दिन है।”

गुटेरेस ने कहा, “हमारा दायित्व है कि हम संयुक्त राष्ट्र और संयुक्त राष्ट्र चार्टर व मानव गरिमा के साथ-साथ शांति सैनिकों की सेवा करने के लिए हर संभव सहायता करें।”

भारत के स्थायी प्रतिनिधि सैयद अकबरुद्दीन ने कहा, “सैन्य योगदान करने वाले देशों की ओर से, मैं अपने सभी शांति सैनिकों को श्रद्धांजलि देना चाहूंगा जो घर वापस नहीं जा सके।”