मप्र को अंगदान के लिए सोटो सम्मान

 नई दिल्ली/भोपाल, 11 नवंबर (आईएएनएस)| मध्यप्रदेश को अंगदान के क्षेत्र मे सवरेपरि कार्यो के लिए देश का सर्वश्रेष्ठ सोटो (राज्य अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संस्थान) सम्मान प्रदान किया।

 नई दिल्ली में आयोजित समारोह मे केंद्रीय स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्री डॉ़ हर्ष वर्धन और केंद्रीय राज्यमंत्री अश्विनी कुमार चौबे ने मध्यप्रदेश को यह सम्मान प्रदान किया। राज्य के जनसंपर्क विभाग द्वारा दी गई आधिकारिक जानकारी के अनुसार, स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय, भारत सरकार की स्वायत्त संस्था राष्ट्रीय अंग एवं ऊतक प्रत्यारोपण संस्थान (नोटो) द्वारा इस वर्ष 10वां राष्ट्रीय अंगदान दिवस शनिवार को मनाया गया। इसमें अंगदान दाता परिवारों को सम्मानित किया गया। साथ ही, राष्ट्रीय एवं राज्य स्तर पर अंगदान के क्षेत्र में सर्वश्रेष्ठ कार्य करने वाले सर्वश्रेष्ठ सोटो राज्य, सर्वश्रेष्ठ अस्पताल, सर्वश्रेष्ठ ट्रांसप्लांट को-अर्डिनेटर आवार्ड प्रदान किए गए।

प्रमुख सचिव शिवशेखर शुक्ला ने बताया कि 10वें भारतीय अंगदान दिवस के अवसर पर यह पुरस्कार वर्ष 2019-20 में मृतकों के अंगदान के क्षेत्र में उत्कृष्टता के लिए दिया गया है। साथ ही, मध्यप्रदेश के अंगदान दाता दिवंगत रखब चंद जैन के पुत्र संजय जैन और पुत्रवधू वर्षा जैन को भी सम्मानित किया गया। उन्होंने बताया कि इंदौर के एमजीएम मेडिकल कॉलेज में नवीन सोटो संस्थान कार्यरत है।

दिल्ली के विज्ञान भवन में आयोजित समारोह में मध्यप्रदेश के सोटो प्रभारी डॉ़ मनीष पुरोहित और मेडिको समाज-सेवी सुभाष कुमार दांगी ने यह सम्मान प्राप्त किया। चिकित्सा शिक्षा मंत्री डॉ़ विजयलक्ष्मी साधौ ने इस सम्मान के लिए विभागीय अधिकारियों और चिकित्सकों को बधाई दी।