अहमदनगर पुलिस ने अब की भाजपा विधायक करडिले की गिरफ्तारी

अहमदनगर: पूरे राज्य में खलबली मचा देनेवाले अहमदनगर जिले के केडग़ांव में शिवसैनिकों की हत्या के मामले में अब पुलिस ने सत्ताधारी भाजपा के विधायक शिवाजी करडिले को उनके घर से गिरफ्तार किया है। इससे पहले राष्ट्रवादी कांग्रेस के विधायक संग्राम जगताप को गिरफ्तार किया है, जो फ़िलहाल पुलिस कस्टडी में है। इस दोहरे हत्याकांड में 30 से भी ज्यादा आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है।

दो दिन पहले अहमदनगर जिले के केडग़ांव में चुनावी विवाद के चलते संजय कोटकर और वसंत ठुबे नामक शिवसैनिकों की गोली मारकर और घातक हथियार से वार कर निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी गई। इस वारदात में विधायक संग्राम जगताप की गिरफ्तारी की गई है। अब विधायक शिवाजी करडिले को उनके घर से गिरफ्तार किया गया है। उनके व उनके 250 से 300 कार्यकर्ताओं के खिलाफ अहमदनगर पुलिस अधीक्षक कार्यालय की टोडाफोड़ का मामला दर्ज है। बीते दिन पुलिस ने करडिले और उनके अन्य 53 साथी फरार रहने की जानकारी दी थी। आज सुबह उन्हें घर से हिरासत में लिया गया।