आईओसी कार्यकारी बोर्ड के लिए बत्रा का नाम प्रस्तावित

नई दिल्ली, 23 मई (आईएएनएस)| हॉकी इंडिया ने गुरुवार को भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) के अध्यक्ष नरिंदर धुव्र बत्रा का नाम अंतर्राष्ट्रीय ओलम्पिक संघ (आईओसी) के सदस्य के तौर पर प्रस्तावित होने पर उन्हें बधाई दी है।

आईओसी ने बत्रा का नाम अपने कार्यकारी बोर्ड में शामिल करने के लिए प्रस्तावित किया है। इस संबंध में वोटिंग 26 जून को की जाएगी।

अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ (एफआईएच) के अध्यक्ष बत्रा उन 10 लोगों में शामिल है जिनका नाम बोर्ड के लिए प्रस्तावित किया गया है।

एचआई के अध्यक्ष मोहम्मद मुश्ताक अहमद ने एक बयान में बत्रा को बधाई देते हुए कहा, “भारतीय खेल में बेहतरीन योगदान देने वाले शख्स को यह सम्मान मिलना गर्व की बात है। एक और जहां भारतीय खेल नई ऊंचाइयां छू रहे हैं वहीं बत्रा के नाम का आईओसी के कार्यकारी बोर्ड के लिए प्रस्तावित होना देश के लिए अच्छी बात होगी। मैं उन्हें शुभकामाएं देता हूं।”

बत्रा पहले ऐसे भारतीय हैं जो एफआईएच के अध्यक्ष बने हैं।