उप्र : उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद सहित अनेक मंत्रियों ने किया योग

लखनऊ, 21 जून (आईएएनएस)| अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस के मौके पर उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने अपने गृह जनपद प्रयागराज के खुले मैदान में योगाभ्यास किया। सुबह ही वह मदन मोहन मालवीय स्टेडियम में योग दिवस समारोह में उपस्थित हुए। हजारों लोगों के साथ उन्होंने योग के आसन किए। इसी प्रकार प्रदेश सरकार के प्रवक्ता व ऊर्जा मंत्री श्रीकांत शर्मा ने बिजनौर में योग किया। उन्होंने कहा, “भारत के योग को दुनिया ने माना है। दुनिया के तमाम देश आरोग्यता के लिए इसे अपना रहे हैं। प्रधानमंत्री मोदी ने इसे बढ़ावा देकर भारत ही नहीं दुनिया का हित किया है। योग में तन-मन को स्वस्थ करने की अपार शक्ति है। उत्तर प्रदेश सरकार भी योग को बढ़ावा दे रही है।”

प्रतापगढ़ में परिवार कल्याण की मंत्री स्वाती सिंह ने योग किया। इस दौरान उन्होंने कहा, “प्रदेश सरकार योग को बढ़ावा देने के लिए अनेक प्रकार के कार्यक्रमों का आयोजन कर रही है। यह हमारे पूर्वजों का एक उपहार है, जिससे कि हम अपने जीवन को स्वस्थ बना सकते हैं।”

इसी प्रकार परिवहन मंत्री स्वतंत्रदेव सिंह ने इटावा, स्वास्थ्य मंत्री सिद्धार्थ नाथ सिंह ने मेरठ, कानून मंत्री ब्रजेश पाठक ने सीतापुर, बेसिक शिक्षा मंत्री अनुपमा जयसवाल ने गोमती नगर, नीलकंठ तिवारी ने फिरोबाजद में योगाभ्यास कार्यक्रम में हिस्सा लिया।