उप्र को हरा-भरा करने के लिए लगेंगे 27 करोड़ पौधे

 लखनऊ, 15 जुलाई (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश सरकार वृक्ष महाकुंभ की तैयारी में जुटने जा रही है। इसके अंतर्गत पूरे प्रदेश को हरा-भरा करने के लिए 27 करोड़ पौधे रोपे जाएंगे।

  यह अभियान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की देख-रेख में होगा। सर्वाधिक 22 करोड़ पौधे स्वतंत्रता दिवस (15 अगस्त) को लगाए जाएंगे। यह अभियान मानसून सीजन में 27 करोड़ पौधे लगाने तक जारी रहेगा।

प्रदेश सरकार ने एक जुलाई से शुरू हुए वन महोत्सव सप्ताह से इस अभियान का आगाज कर दिया है, जिसके तहत राज्य के 822 विकास खंड, 58924 ग्राम पंचायत और 652 शहरी क्षेत्रों को सम्मलित किया गया है। इस अभियान के तहत प्रदेश के सभी 11 जोनो को एक निर्धारित लक्ष्य दिया गया है।

योगी सरकार ने इस महाअभियान के लिए हर गांव में वृक्ष अभिभावक यानी कि ट्री गार्जियन बना दिए हैं। यह वृक्ष अभिभावक पौधे लगाए जाने से लेकर उनकी देखरेख तक की जिम्मेदारी उठाएंगे। इसके लिए ग्राम प्रधान को भी जवाबदेह बनाया गया है।

प्रदेश सरकार के 23 विभाग इस महाअभियान का हिस्सा बनेंगे। वन विभाग नोडल एजेंसी होगी। अभियान के तहत वन एवं वन्यजीव विभाग 653 लाख, राजस्व विभाग 100 लाख, पंचायती राज 100 लाख, उद्यान विभाग 100 लाख, शिक्षा विभाग 96 लाख, कृषि विभाग 32 लाख, नगर विकास 30 लाख, लोक निर्माण विभाग 20 लाख, सिंचाई विभाग 12 लाख, स्वास्थ्य विभाग 8 लाख, उद्योग विभाग 6 लाख, पशुपालन विभाग 5 लाख, आवास विकास विभाग 5 लाख, रेल विभाग 5 लाख, पुलिस विभाग 5 लाख, औद्योगिक विकास 4 लाख, रेशम और सहकारिता विभाग 8 लाख, विद्युत और रक्षा विभाग 7 लाख, श्रम और परिवहन विभाग 4 लाख और ग्राम्य विकास सबसे ज्यादा यानि 1000 लाख पौधों को रोपित करेगा।

यही नहीं इस बार पौधारोपण कार्यक्रम में सरकारी विभाग आंकड़ेबाजी नहीं कर पाएंगे। हर पौधे का जियो टैगिंग कराना होगा।

जियो टैगिंग के एक ऐसा प्रोसेस है जिसमें फोटो के साथ उस व्यक्ति या वस्तु की भौगोलिक स्थिति भी जोड़ दी जाती है। जियो टैग सिर्फ फोटो ही नहीं, वीडियो, मैसेज या क्यूआर कोड भी हो सकता है। कोई व्यक्ति जब भी उस फोटो या वीडियो को देखेगा तो उसमें दर्शायी गई वस्तु की लोकेशन (लैटीट्यूड और लांगिट्यूड) भी दिखाई देगी। इसमें फर्जीवाड़ा नहीं किया जा सकता।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का कहना है कि जितनी प्रदेश की आबादी है, उतनी संख्या में पौधरोपण का संकल्प लेकर पंचायतीराज, नगर विकास और अन्य विभागों को जोड़कर जनजागरण अभियान चलाया जाए। बीपीएल परिवारों को भी एक-एक पौधा लगाने के लिए दिया जाए।

मुख्यमंत्री ने कहा, “गंगा, जमुना, सरयू और अन्य पवित्र नदियों के तटवर्ती क्षेत्रों में पीपल, बरगद और इसी वर्ग के पौधे लगाने की योजना है। चार और छह लेन की चौड़ी सड़कों के किनारे छायादार पौधे लगाए जाएंगे।”

इसके आलावा सरकार का सहजन के पौधे लगाने पर अत्याधिक जोर है। इसके लिए नगर विकास विभाग की तरफ से सहजन पौधे रोपे जाने को कहा गया है।

हर एक समीक्षा बैठक में मुख्यमंत्री योगी ने सहजन के पौधों की खूबियों के बारे में बताते हुए इसे पौधारोपण विभाग में शामिल किये जाने को भी कहा है। यही वजह है कि इस बार पौधा रोपण अभियान में 55 लाख से अधिक सहजन के पौधों को रोपे जाने का लक्ष्य है।

प्रदेश के मुख्य सचिव अनूप चंद्र पांडेय ने कहा, “प्रदेश को हरा-भरा बनाने के लिए हर वर्ग के व्यक्ति को वृक्षारोपण अभियान में शामिल होकर अपनी भागीदारी सक्रियता से निभानी चाहिए। पौधे रोपित करने का जो लक्ष्य निर्धारित किया गया है। इस लक्ष्य को हासिल करने की ओर हम अग्रसर हैं।”