उप्र : महिलाओं के लिए योजनाओं की समीक्षा करेंगी महिला अधिकारी

लखनऊ, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)| उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महिला नोडल अधिकारियों की नियुक्ति की है, जो विभिन्न जिलों में जाएंगी और राज्य सरकार द्वारा महिलाओं के कल्याण के लिए लॉन्च की गई योजनाओं की समीक्षा करेंगी।

मुख्यमंत्री ने मंगलवार देर शाम आयोजित एक बैठक में कहा कि महिला अधिकारियों की तीन सदस्यीय टीम अपने आवंटित जिलों का 18,19,20 अक्टूबर को दौरा करेंगी। वे महिलाओं को योजनाओं के बारे में जागरूक करेंगी और फीडबैक जुटाएंगी।

अधिकारी राज्य सरकार को 25 अक्टूबर से पहले विभिन्न योजनाओं पर विस्तृत रिपोर्ट सौपेंगी। 25 अक्टूबर को ‘कन्या सुमंगला योजना’ को राज्य में लॉन्च करने का कार्यक्रम निर्धारित है।

उन्होंने कहा, “सभी अधिकारियों को राज्य भर की महिलाओं को नई योजना के बारे में सूचित करना और इसके फायदे के बारे में जागरूक करना है। इसके साथ ही वे महिलाओं को सरकार की दूसरी योजनाओं के बारे में भी सूचित करेंगे।”

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विभागों द्वारा महिलाओं के विकास के लिए शुरू का गई योजनाओ की भी समीक्षा की। उन्होंने कहा कि महिलाएं बहुत सी योजनाओं से अवगत नहीं हैं, जो उनके कल्याण व प्रगति के लिए शुरू की गई हैं।