कर्नाटक मामले पर विपक्ष का लोकसभा से बहिर्गमन

नई दिल्ली, 10 जुलाई (आईएएनएस)| लोकसभा में कांग्रेस, द्रमुक और तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) जैसे प्रमुख विपक्षी दलों ने बुधवार को एक बार फिर कर्नाटक में राजनीतिक संकट की स्थिति पर हंगामा किया और सदन से बहिर्गमन किया। सदन में शून्य काल के दौरान कांग्रेस ने इस मुद्दे को उठाने का आग्रह किया जिसे लोकसभा अध्यक्ष ओम बिड़ला ने अस्वीकार कर दिया। इसके बाद सदन में हंगामा हो गया। कांग्रेस सांसद ‘हमें न्याय चाहिए’, ‘तानाशाही बंद करो’ के नारे लगाने लगे।

लोकसभा अध्यक्ष ने कहा कि उन्होंने इस मुद्दे पर बोलने के लिए कांग्रेस को दो दिन लगातार समय दिया। इसके बाद उन्होंने हंगामे के बीच सदन की कार्यवाही आगे बढ़ाने की अनुमति दे दी।

विपक्ष को बोलने की अनुमति नहीं मिलने पर कांग्रेस, द्रमुक, टीएमसी, एमआईएम, आईयूएमएल, नेशनल कॉन्फ्रेंस और एनसीपी सदस्यों ने सदन से बहिर्गमन कर दिया।

कांग्रेस ने भाजपा पर पैसे के दम पर कर्नाटक में काग्रेस-जद (एस) के विधायकों को तोड़कर उनकी गठबंधन सरकार को अस्थिर करने का आरोप लगाया।