कोरोनावायरस पर काबू पाने के लिए फ्रांस ने कई क्षेत्रों में बढ़ाई सख्ती

पेरिस, 2 जनवरी (आईएएनएस)। फ्रांस सरकार ने शुक्रवार को घोषणा की है कि महामारी पर काबू पाने के लिए संक्रमण से बुरी तरह प्रभावित हुए देश के 15 क्षेत्रों में कर्फ्यू के घंटों को 2 घंटे और बढ़ाया जाएगा।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ ने बताया कि सरकार के प्रवक्ता गेब्रियल अटाल ने कहा है कि जिन क्षेत्रों में कर्फ्यू लगाया गया है, वहां शनिवार से कर्फ्यू शाम 8 बजे के बजाय 6 बजे से शुरू होगा।

टेलिविजन चैनल टीएफ 1 पर यह घोषणा करते हुए अटाल ने कहा, यह वायरस लगाातर फ्रांस में फैल रहा है, हालांकि इसके प्रसार को लेकर क्षेत्रों के बीच असमानता है। एक हफ्ते में हम इसके प्रभावों और वायरस के संचरण का जायजा लेंगे और उसके बाद इन प्रतिबंधों को फिर से लागू किया जाएगा।

इसके साथ ही उन्होंने कहा कि अगर कुछ क्षेत्रों में हालात और बिगड़ते हैं तो जरूरी फैसले लिए जाएंगे।

गुरुवार तक फ्रांस दुनिया में कोविड मामलों की संख्या में पांचवे नंबर पर था। यहां अब तक 26,20,425 मामले और 64,632 मौतें दर्ज हो चुकी हैं।

देश में मार्च से मई तक पहला लॉकडाउन लगाया गया था। उसके बाद 30 अक्टूबर से 14 दिसंबर तक आंशिक लॉकडाउन लगाया गया था।

–आईएएनएस

एसडीजे-एसकेपी