गोल्फ : करीब आकर पैनासोनिक ओपन खिताब से चूके शिव कपूर

गुरुग्राम, 17 नवंबर (आईएएनएस)| भारत के शिव कपूर रविवार को काफी करीब आकर पैनासोनिक ओपन इंडिया गोल्फ टूर्नामेंट खिताब से चूक गए। कपूर ने 18वें होल पर डबल बोगी की और 70 का स्कोर हासिल करते हुए 12 पर रहे। दक्षिण कोरिया के जूहयुंग किम ने एक घंटे पहले अपना सफर समाप्त किया था। वह सेवन अंडकर 65 के स्कोर के साथ 13 अंडर तक पहुंचने में सफल रहे।

इस तरह कपूर के हाथ से इस चार लाख डालर इनामी टूर्नामेंट में दूसरी बार खिताब जीतने वाला खिलाड़ी बनने का मौका निकल गया जबकि 17 साल के किम ने अपने पहले ही एशियाई टूर में खिताब जीत लिया। वह एशियाई टूर में खिताब जीतने वाले दूसरे सबसे युवा खिलाड़ी बन गए।

कपूर अपने ही देश के एस. चिक्कारंगप्पा के साथ संयुक्त रूप से दूसरे स्थान पर रहे। आस्ट्रेलिया के टेरी पी. ने चौथा स्थान हासिल किया जबकि इंडोनेशिया के रोरी हेई ने भारत के विक्रांत वीर अहलावत और चीनी ताइपे के हुंग चेई याओ के साथ संयुक्त रूप से पांचवां स्थान हासिल किया।

भारत के अर्जुन प्रसाद और एम. धर्मा संयुक्त रूप से 11वें स्थान पर रहे जबकि ओम प्रकाश चौहान, करणदीप कोचर और मौजूदा चैम्पियन खालिन जोशी तथा राशिद खान संयुक्त रूप से 14वें स्थान पर रहे।

ज्योति रंधावा 44वां जबकि अनुभवी गोल्फर जीव मिल्खा सिंह को 50वां स्थान मिला।