गोवा : स्टोररूम में दो वरिष्ठ नागरिक मृत पाए गए

पणजी, 8 मार्च (आईएएनएस)। दक्षिण गोवा के फतोर्दा इलाके में दो वरिष्ठ नागरिकों को घर के स्टोररूम में मृत पाया गया। माना जा रहा है कि उनकी हत्या कर दी गई है। पुलिस ने मंगलवार को यह जानकारी दी।

पुलिस उप-महानिरीक्षक (डीआईजी) परमादित्य ने संवाददाताओं को बताया कि मृतक मिंगुएल मिरांडा (65) और उसकी सास कैटरिना पिंटो (85) के शव को उनके घर के एक स्टोररूम में पाया गया।

अधिकारी ने कहा कि पास में एक साइट पर काम करने वाले तीन मजदूर भी गायब हैं, हालांकि इस अपराध का मकसद अभी स्पष्ट नहीं है।

हम अभी यह नहीं कह सकते हैं कि मकसद डकैती का था या कोई व्यक्तिगत मुद्दा था। हम सभी कोणों की जांच कर रहे हैं। तीन मजदूर (क्षेत्र से) गायब हैं। उनकी भूमिका हो सकती है या किसी और की भूमिका हो सकती है।

परमादित्य ने यह भी कहा कि दोनों के शरीर पर चोट के निशान हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट से यह स्पष्ट हो जाएगा कि किस प्रकार के हथियार का प्रयोग इस वारदात को अंजाम देने में किया गया।

–आईएएनएस

आरएचए/एएनएम