चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण की राज्यसभा में सराहना

 नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)| राज्यसभा ने सोमवार को चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण के लिए भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) और अन्य वैज्ञानिकों की उपलब्धि की सराहना की।

  सभापति एम. वेंकैया नायडू ने कहा कि इस प्रक्षेपण ने देश के गौरव और आत्मविश्वास को बढ़ाया है। उन्होंने इसे विज्ञान और प्रौद्योगिकी के विकास के साथ ही भारत के लिए एक सुनहरा अध्याय बताया।

चेयरमैन ने कहा, “बाहरी अंतरिक्ष का अध्ययन करने के लिए भारत के योगदान की दिशा में यह एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है।”

नायडू ने भारत के अंतरिक्ष कार्यक्रम के जनक विक्रम साराभाई को भी याद किया। उन्होंने कहा कि चंद्रयान-2 मिशन डॉ. साराभाई और अन्य वैज्ञानिकों के लिए एक श्रद्धांजलि है।

उन्होंने कहा, “इस मिशन की सफलता के लिए संबंधित मंत्री और भारत के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में सरकार द्वारा दिया गया प्रोत्साहन और समर्थन भी महत्वपूर्ण है।”