चामलिंग ने छठी बार सिक्किम का मुख्यमंत्री बनने के लिए शुरू किया प्रचार

 गंगटोक, 17 मार्च (आईएएनएस)| सिक्किम के मुख्यमंत्री पवन चामलिंग ने अपना चुनाव प्रचार अभियान शुरू कर दिया है। वह राज्य में लगातार छठी बार अपने लिए जनादेश मांग रहे हैं।

 चामलिंग ने ‘राज्य के एंबेसडर’ के रूप में चालकों की भूमिका को सराहते हुए यहां से नामची तक टैक्सी से यात्रा की।

शनिवार को गंगटोक सिटी सेंटर के लाल बाजार से शुरू हुई इस कार रैली में हजारों लोग उनके साथ जुड़े। नामची पहुंचने से पहले यह रैली रानीपूल, सिनतम, मामरिंग, नामथांग और भांजयांग से होकर गुजरी।

चामलिंग ने सिक्किम में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए अपनी सत्तारूढ़ पार्टी सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट (एसडीएफ) के चुनाव अभियान की शुरुआत ‘एसडीएफ परिवार’ की शुरुआत के साथ की। इसके तहत पार्टी राज्य में लोगों से सीधे संपर्क कर उन्हें अपना सदस्य बनने के लिए प्रेरित करेगी।

इसके तहत मुख्यमंत्री नामची में दस घरों में गए और लोगों से मुलाकात की। उन्होंने सरकार के कामकाज के बारे में जानकारी ली और उनकी जरूरतों के बारे में पूछा।

इस अभियान की शुरुआत एसडीएफ ने राज्य में पांच सौ जगहों पर एक साथ की है। इसके तहत पार्टी 15000 ‘एसडीएफ परिवार सहयोदस’ के जरिए अगले दस दिन में चार लाख लोगों से सीधे संवाद करेगी और उनकी सरकार के कामकाज पर फीडबैक लेने के साथ मतदाताओं की मांगों की जानकारी लेगी।