चीन में बाढ़ सीजन शुरू

 बीजिंग, 12 जून (आईएएनएस)| इस समय चीन में दक्षिण से उत्तर तक बाढ़ सीजन शुरू हो चुका है। बाढ़ और अकाल कार्य के जिम्मेदार अधिकारी ने 11 जून को पेइचिंग में बताया कि चालू साल बाढ़ की रोकथाम और सूखे के मुकाबले की स्थिति बहुत गंभीर और जटिल है।

  बाढ़ समेत विभिन्न प्राकृतिक आपदाओं का रोकथाम कार्य सुव्यवस्थित रूप से चल रहा है। चीन बड़ी बाढ़, बड़े सूखे और जबरदस्त तूफान के मुकाबले के लिए विभिन्न कार्यों को बखूबी अंजाम देगा।

दक्षिण चीन के कुछ इलाके इस मार्च में बाढ़ ऋतु में दाखिल हुए हैं। उत्तर चीन 1 जून को बाढ़ ऋतु में दाखिल हुआ है। बाढ़ रोकथाम और सूखे का मुकाबला से संबंधित चीनी राजकीय मुख्यालय के महासचिव, उप जल संरक्षण मंत्री और उप आपात मामला मंत्री ये च्येनछुन ने 11 तारीख को एक संवाददाता सम्मेलन में बताया कि मौसम और नदियों की स्थिति के अनुमान के अनुसार बाढ़ ऋतु में चीनी मौसम की आम स्थिति अपेक्षाकृत खराब होगी। दक्षिणी चीन में वर्षा सामान्य से अधिक होगी, जबकि उत्तर चीन में वर्षा कम होगी।

परिचय के अनुसार गंभीर स्थिति के सामने संबंधित कार्य सुव्यवस्थित रूप से चल रहे हैं। राजकीय बाढ़ की रोकथाम और सूखे के मुकाबले मुख्यालय ने अनेक बार बाढ़ की रोकथाम और राहत कार्य का अभ्यास आयोजित किया है। जल संरक्षण मंत्रालय ने विभिन्न स्थानों से जल से बर्बाद 41 हजार सेक्टरों की मरम्मत करने की मांग की है। चीनी रेल कॉर्पोरेशन ने बाढ़ की रोकथाम के लिए 1400 महत्वपूर्ण स्थलों को निर्धारित किया है। आपात मामला मंत्रालय ने बाढ़ प्रवण क्षेत्रों में बड़ी मात्रा वाली राहत सामग्रियां तैयार की हैं। इसके अलावा चीन ने राहत और बचाव टीमों के निर्माण को भी मजबूत किया है।

उपमंत्री ये च्येनछुन ने बताया कि चीन ने 360 आपात बचाव टीमों का गठन किया है, जिनके सदस्यों की संख्या लगभग 1 लाख 40 हजार है। 200 से अधिक राहत विमान तैयार किए गए हैं। स्थानीय स्तर पर जल संरक्षण, बिजली, यातायात और दूरसंचार विभागों की आपात बचाव और राहत टीमों के सदस्यों की संख्या 10 लाख से ज्यादा है।

बाढ़ का समय शुरू होने के बाद 10 जून तक चीन के 22 प्रांत विभिन्न हद तक बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुए हैं। क्वांग शी, च्यांग शी, फू च्येन और क्वांग तुंग की बाढ़ स्थिति गंभीर रही। देश भर में 67 लाख लोग बाढ़ ग्रस्त हुए, मृतकों और लापता लोगों की संख्या 83 दर्ज हुई।

(साभार–चाइना रेडियो इंटरनेशनल, पेइचिंग)