जबलपुर में धनुष तोप और सारंग गन का सफल परीक्षण

 जबलपुर, 21 फरवरी (आईएएनएस)| सैन्य क्षमता के मामले में जबलपुर में शुक्रवार को इतिहास रचा गया, जब यहां धनुष तोप और सारंग गन का परीक्षण किया गया।

 यह परीक्षण लांग प्रूफ रेंज खमारिया में किया गया। बताया गया है कि जबलपुर गन कैरिज फैक्ट्री में तैयार की गई 155 एमएम 45 कैलिबर धनुष तोप और सारंग गन का परीक्षण सफल रहा। यह पहला मौका है जब धनुष तोप से जबलपुर में फायरिंग की गई। पूर्व में 21 जनवरी को सारंग गन का परीक्षण किया जा चुका था।

दिल्ली से आए डयरेक्टर जनरल आफ क्वालिटी एश्योरेंस लेफ्टिनेंट जनरल संजय चौहान की मौजूदगी में धनुष तोप और सारंग गन का शक्ति परीक्षण हुआ। दोनों ही तोप 37 से 40 किलोमीटर के बीच निशाना साध सकती हैं। इनका निर्माण गन कैरिज फैक्ट्री जबलपुर में किया गया है।

धनुष तोपों को बोफोर्स का स्वदेशी संस्करण कहा जाता है। गन कैरिज फैक्ट्री को कुल 114 तोपों का अर्डर मिला है। धनुष ने सभी परीक्षण पास कर लिए थे। 2011 से शुरू हुआ धुनष का काम 2014 में पूरा हो गया था और लगातार चार साल से इसका परीक्षण जारी है।