जापान के प्रधानमंत्री की गुवाहाटी यात्रा रद्द : विदेश मंत्रालय

 नई दिल्ली, 13 दिसंबर (आईएएनएस)| जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे की गुवाहाटी में अपने भारतीय समकक्ष नरेंद्र मोदी के साथ होने वाली बैठक अभी के लिए रद्द कर दी गई है।

  विदेश मंत्रालय ने शुक्रवार को इस बात की पुष्टि की। प्रधानमंत्री आबे अपनी 15 से 17 दिसंबर की तीन दिवसीय यात्रा के लिए भारत आने वाले थे। प्रधानमंत्री मोदी और आबे के बीच यह बैठक गुवाहाटी में होनी थी। वर्तमान में गुवाहाटी संसद से पारित हुए नागरिक संशोधन विधेयक के खिलाफ चल रहे प्रदर्शनों का केंद्र बना हुआ है।

पुलिस की गोलीबारी में दो व्यक्तियों की मौत हो गई, जिसके बाद स्थिति को नियंत्रित करने के लिए सेना को बुलाया गया है।

विदेश मंत्रालय ने ट्विटर पर लिखा, “जापानी प्रधानमंत्री शिंजो आबे की प्रस्तावित भारत यात्रा के संदर्भ में दोनों पक्षों ने आम सहमति से फिलहाल यात्रा को टालने का निर्णय लिया है।”

लोकसभा और राज्यसभा से पारित होने के बाद विधेयक को गुरुवार को राष्ट्रपति द्वारा स्वीकृति मिलने के साथ ही अब यह कानून बन चुका है।

इससे पहले बांग्लादेश के विदेश और गृहमंत्री ने भी भारत की अपनी प्रस्तावित यात्रा को रद्द कर दिया था।