जिमनास्टिक्स विश्व कप में भारत को मिला कांस्य पदक

मेलबर्न: हैदराबाद की अरुणा बी रेड्डी ने आज इतिहास रच दिया, वह जिमनास्टिक्स विश्व कप में व्यक्तिगत पदक जीतने वाली पहली भारतीय जिमनास्ट बन गयीं। उन्होंने महिलाओं की वॉल्ट स्पर्धा में कांस्य पदक अपने नाम किया। बाईस साल की इस जिमनास्ट ने मेलबर्न के हिसेन्से एरीना में 13.649 अंक के साथ कांस्य पदक जीता। स्लोवानिया की टीजासा किसेल्फ ने 13.800 अंक के स्कोर से स्वर्ण पदक जबकि ऑस्ट्रेलिया की एमिली वाइटहेड ने 13.699 अंक से रजत पदक हासिल किया।

फाइनल दौर में पहुंची एक अन्य भारतीय प्रणति नायक 13.416 अंक के साथ छठे स्थान पर रहीं। जिमनास्टिक्स में एक साल में कई विश्व कप प्रतियोगितायें होती हैं और वे विश्व चैम्पियनशिप के बाद दूसरे दर्जे पर मानी जाती हैं।

भारतीय जिमनास्टिक्स महासंघ के एक गुट के सचिव शांतिकुमार सिंह ने कहा, ‘अरूणा अब विश्व कप में पदक जीतने वाली पहली और एकमात्र भारतीय बन गयी हैं। हमें उस पर गर्व है।’ दीपा करमाकर 2016 रियो ओलंपिक की महिला वाल्ट स्पर्धा में चौथे स्थान पर रहीं थीं। उन्होंने एशियाई चैम्पियनशिप और 2014 राष्ट्रमंडल खेलों में कांस्य पदक जीते हैं लेकिन वह विश्व कप स्तर पर कोई पदक नहीं जीत सकीं थीं।