जैविक खाद्य महोत्सव महिला उद्यमियों को अवसर देगा : हरसिमरत (लीड-1)

 नई दिल्ली, 21 फरवरी (आईएएनएस)| देश की राजधानी दिल्ली के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में शुक्रवार को तीन दिवसीय जैविक खाद्य महोत्सव का आगाज हुआ।

  इस मौके पर केंद्रीय खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्री हरसिमरत कौर बादल ने शुक्रवार को कहा कि जैविक खाद्य महोत्सव क्षमता निर्माण एवं आर्थिक सशक्तिकरण के लिए महिला उद्यमियों को व्यापक अवसर प्रदान करेगा। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि महिलाओं के वित्तीय समावेश और सशक्तिकरण के लिए नियमित रूप से इस तरह के प्लेटफॉर्म मुहैया कराने की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि सरकार अब देश के विभिन्न हिस्सों में जैविक खाद्य महोत्सव के आयोजनों को बढ़ाने पर विचार कर रही है।

जैविक खाद्य महोत्सव का उद्घाटन हरसिमरत कौर बादल और केंद्रीय महिला एवं बाल विकास तथा वस्त्र मंत्री स्मृति जुबिन इरानी ने संयुक्त रूप से किया। इस मौके पर महिला एवं बाल विकास राज्यमंत्री देबाश्री चौधरी और खाद्य प्रसंस्करण उद्योग राज्यमंत्री रामेश्वर तेली भी मौजूद थे। महिला उद्यमियों के लिए जैविक खाद्य महोत्सव का आयोजन दरअसल खाद्य प्रसंस्करण उद्योग मंत्रालय और महिला एवं बाल विकास मंत्रालय के बीच हस्ताक्षरित सहमति पत्र (एमओयू) का परिणाम है जिसका उद्देश्य महिला उद्यमियों का क्षमता निर्माण करना है।

इसमें 25 से भी अधिक राज्यों एवं केंद्र शासित प्रदेशों की 180 से भी अधिक महिला उद्यमी और स्वयं सहायता समूह (एसएचजी) भाग ले रहे हैं। इसमें देश भर के अत्यंत रोचक उत्पादों को प्रदर्शित किया गया है। अरुणाचल प्रदेश का कीवी, लद्दाख का काला गेहूं एवं पेस्टो सॉस और उत्तराखंड की चिया बीज कुकीज एवं खुबानी तेल इस महोत्सव के प्रदर्शकों के पास उपलब्ध हैं और लोग इन स्वास्थ्यवर्धक उत्पादों के जायके का आनंद ले सकते हैं। यह महोत्सव महिला उत्पादकों को बाजार एवं आपूर्ति श्रृंखला (सप्लाई चेन) से जोड़ने की कोशिश करेगा जिससे उनके वित्तीय समावेश में सुविधा होगी।

जैविक खाद्य महोत्सव का आयोजन राष्ट्रीय खाद्य प्रौद्योगिकी उद्यमिता एवं प्रबंधन संस्थान (एनआईएफटीईएम) द्वारा औद्योगिक साझेदार भारतीय उद्योग परिसंघ (सीआईआई) के सहयोग से किया जा रहा है।