झारखंड की प्रिया निर्मित फिल्म ‘खुन्नस’ 7 फरवरी को होगी रिलीज

रांची, 1 फरवरी (आईएएनएस)| आर्यन सिने एंटरटेनमेंट के बैनर तले बनी रोमांटिक थ्रिलर और एक्शन फिल्म ‘खुन्नस’ 7 फरवरी को रिलीज होगी। इस फिल्म के अधिकांश कलाकार झारखंड के हैं। इस फिल्म की अधिकांश शूटिंग भी झारखंड में ही हुई है। फिल्म की निर्मात्री प्रिया कुमारी ने कहा कि इस फिल्म में युवाओं की कहानी है जो लोगों को काफी पसंद आएगी। झारखंड की रहने वाली प्रिया का कहना है कि फिल्म के गीत भी कर्णप्रिय हैं। उन्होंने कहा कि इस फिल्म में मुख्य रूप से कॉलेज की कहानी है, जिसके जरिए लोगों को रोमांस और एक्शन दोनों दिखाने की कोशिश की गई है।

इसमें अधिकांश कलाकार झारखंड और बिहार के हैं। यह फिल्म सात फरवरी को पूरे देश में एक साथ रिलीज होगी।

प्रिया कुमारी द्वारा निर्मित इस मनोरंजक फिल्म के लेखक और निर्देशक मुकेश राज सिंह हैं। इस फिल्म को जा फिल्म्स इंटरनेशनल के सलीम जाफर रिलीज करने वाले हैं। इस फिल्म में विक्रमजीत रांझा, अनिल शर्मा व अमय नारे का संगीत है और गीतकार कैवल्य शाह, मुन्नी लाल राम व बाबूलाल हैं। फिल्म के नायक नरेश कुमार की यह पहली फिल्म है और नायिका हैं मेघा सक्सेना।

यह फिल्म पहले 17 जनवरी को रिलीज होने वाली थी, लेकिन किसी कारणवश रिलीज नहीं हो सकी थी।