झारखंड में 17 सीटों के लिए तीसरे चरण का मतदान शुरू

रांची, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)| झारखंड में 17 सीटों के लिए तीसरे चरण का मतदान गुरुवार सुबह से शुरू हो चुका है। ज्ञात हो कि राज्य में विधानसभा के 81 सीटों के लिए पांच चरणों में मतदान होगा।

मतदान सुबह 7 बजे से कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शुरू हो चुका है।

रांची, हटिया, कांके, रामगढ़ और बरकाठा के मतदान केंद्र पर सुबह 7 बजे से शाम 5 बजे तक मतदान जारी रहेगा, वहीं बाकी निर्वाचन क्षेत्रों के मतदाता दोपहर 3 बजे तक ही मतदान कर सकते हैं।

चुनावी मैदान में इन सीटों पर कुल 309 उम्मीदवार हैं, जिनमें 32 महिलाएं भी शामिल हैं। इन प्रतिभागियों के भाग्य का फैसला 56,06,743 मतदाता करेंगे। मतदाताओं में महिलाओं की संख्या 26,73,991 है, जबकि थर्ड जेंडरों की संख्या 95 है।

तीसरे चरण के प्रमुख उम्मीदवारों में सीपी सिंह, रामचंद्र सहिस और नीरा यादव, पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी और पूर्व उप मुख्यमंत्री व ऑल झारखंड स्टूडेंट्स यूनियन (आजसू) के अध्यक्ष सुदेश महतो शामिल हैं।