ट्रंप के दौरे पर राजनीति न करे कांग्रेस : भाजपा

 नई दिल्ली, 22 फरवरी (आईएएनएस)| अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौर को लेकर भाजपा ने कांग्रेस के आरोपों पर पलटवार करते हुए कहा कि जब भारत का कद दुनिया में बढ़ रहा है तो कांग्रेस इससे दुखी क्यों है?

  दिल्ली में एक प्रेस कॉन्फ्रेंस को संबोधित करते हुए भाजपा प्रवक्ता संबित पात्रा ने कहा कि जब सबसे बड़े और पुराने लोकतंत्र मिल रहे हैं, तो ये खुशी की बात है। फिर कांग्रेस इस पल का जश्न क्यों नहीं मना सकती?

पात्रा ने कहा, “ट्रंप ने खुद कहा है कि पीएम मोदी और इंडिया हार्ड बारगेनर हैं, इसलिए कांग्रेस को देश हित की चिंता नहीं होनी चाहिए। कांग्रेस भी इस पर गर्व करे और दुखी न हो।”

कांग्रेस पार्टी पर सवाल दागते हुए भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि मोदी के समय सर्जिकल स्ट्राइक हुआ और दुनिया मोदी और देश के साथ खड़ी रही। कांग्रेस सरकार ने 26/11 के बाद क्या किया? उन्होंने कहा कि व्यापार व सुरक्षा से लेकर हर क्षेत्र में इंडो-अमेरिकी सहयोग बढ़ा है।

पात्रा ने कहा, “कुछ चीजों में छोटी राजनीति नहीं होनी चाहिए। विशाल हृदय दिखाना चाहिए। ये सरकार सबकी है। हमारी सरकार किसी को प्रभावित नहीं करती कि किसको बुलाना चाहिए और किसे नहीं। भारत की सरकार सबका प्रतिनिधित्व करती है और इसमें तू-तू मैं-मैं नहीं होना चाहिए।”