डिलेवरी बॉय ने ही लूटा था एक करोड़ का सोना

महज 24 घंटों में पुलिस ने सुलझाया मामला

पिंपरी:पुणेसमाचार

एक करोड़ के सोने की लूट का मामला पुलिस महज 24 घंटों के भीतर ही सुलझा लिया है। इस लूट की साजिश डिलेवरी बॉय बेहराराम शांतिलाल पुरोहित ने अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी। पुलिस लूट के सोने सहित तीनों आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच के लिए पुलिस की एक टीम मुंबई भी गई थी।

गौरतलब है कि हिंजवाड़ी स्थित बालेवाड़ी स्टेडियम के पास तीन अज्ञात लुटेरे चाकू की नोंक पर एक करोड़ 35 लाख रुपए के सोने के बिस्किट लेकर फरार हो गए थे। इस संबंध में बेहराराम शांतिलाल पुरोहित ने हिंजवडी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज करवाया थी। एक कंपनी में डिलेवरी बॉय के रूप में काम करने वाले पुरोहित ने पुलिस से कहा था वह मुंबई से साढ़े चार किलो सोना लेकर पुणे आ रहा था। इसके अलावा उसके पास अपने दोस्त से लिए गए 60 हजार रुपए भी थे।

सुनाई कहानी 
पुरोहित ने बताया था कि पुणे स्थित समृद्धि ज्वेलर्स के अरविंद सरेमल चोप्रा के ऑर्डर पर वह मुंबई के झवेरी बाज़ार से सोने के बिस्किट लेकर आ रहा था। जैसा ही उसका ऑटो बालेवाड़ी स्टेडियम के पास पहुंचा, तीन अज्ञात लुटेरों ने उसे रोक लिया और चाकू की नोंक पर सोना, नकदी और उसका मोबाइल फ़ोन छीनकर फरार हो गए। इस घटना की शिकायत 3 से 4 घंटों के बाद दर्ज कराई गई थी, जिसके चलते पुलिस मामला संदिग्ध नज़र आ रहा था। पुलिस उपायुक्त परिमंडल तीन की विशेष टीम, हिंजवडी पुलिस और अपराध शाखा ने 24 घंटों के भीतर इस मामले को सुलझा लिया।