तानसेन सम्मान 2020 संतूर वादक सतीश व्यास को

भोपाल, 25 दिसंबर (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश शासन द्वारा हिन्दुस्तानी शास्त्रीय संगीत के क्षेत्र में स्थापित राष्ट्रीय तानसेन सम्मान वर्ष 2020 विख्यात सन्तूर वादक पं. सतीश व्यास को प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार संस्कृति के क्षेत्र में कार्य कर रही संस्थाओं को प्रदान किया जाने वाला राष्ट्रीय राजा मानसिंह तोमर सम्मान अभिनव कला परिषद संस्था, भोपाल को प्रदान किया जायेगा।

आधिकारिक तौर पर दी गई जानकारी के अनुसार, तानसेन सम्मान के अन्तर्गत पंडित सतीश व्यास को दो लाख रुपए की आयकरमुक्त राशि, सम्मान पट्टिका, शॉल व श्रीफल प्रदान किए जायेंगे। इसी प्रकार राजा मानसिंह तोमर सम्मान के अन्तर्गत संस्था को एक लाख रुपए की आयकरमुक्त राशि, सम्मान पट्टिका, शॉल व श्रीफल प्रदान किए जायेंगे।

तानसेन सम्मान से सम्मानित होने वाले कलाकार पंडित सतीश व्यास यशस्वी संगीतज्ञ हैं जिनके परिवार में शास्त्रीय संगीत की गहरी परंपरा रही है। उनके पिता पंडित सी.आर. व्यास गायक थे, जिनको 1999 में इसी सम्मान से सम्मानित किया गया था।

इन सम्मानों का चयन समिति द्वारा सर्वसम्मत निर्णय के आधार पर किया गया। इनमें तानसेन सम्मान जूरी में शोभा चौधरी, सुश्री कल्पना झोकरकर एवं पं. बलवंत पुराणिक थे जबकि राजा मानसिंह तोमर सम्मान जूरी में राजीव वर्मा, अभिषेक निगम और रासबिहारी शरण शामिल थे।

पं. सतीश व्यास और अभिनव कला परिषद को 26 दिसंबर को ग्वालियर में तानसेन संगीत समारोह के शुभारंभ अवसर पर इस सम्मान से विभूषित किया जाएगा। इसी के साथ पांच दिवसीय तानसेन संगीत समारोह आरम्भ होगा जिसमें देश-विदेश के प्रतिष्ठित कलाकारों की भागीदारी हो रही है, जिसमें राजन मिश्र-साजन मिश्र भी शामिल हैं।

–आईएएनएस

एसएनपी-एसकेपी