तेलंगाना में मुख्यमंत्री आवास की घेराबंदी विफल, कई कांग्रेस नेता गिरफ्तार

हैदराबाद, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)| तेलंगाना में पुलिस ने तेलंगाना राज्य सड़क परिवहन निगम (टीएसआरटीसी) के हड़ताली कर्मचारियों के समर्थन में मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव के आवास की घेराबंदी करने की कांग्रेस पार्टी की योजना को विफल कर दिया। मुख्यमंत्री आवास की घेराबंदी को रोकने के लिए पुलिस ने सोमवार को कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को गिरफ्तार कर लिया।

मल्लू भट्टी विक्रमार्क, रेवंत रेड्डी, वी.हनुमंत राव, पोन्नम प्रभाकर और मोहम्मद अली शब्बीर सहित शीर्ष नेताओं को घर में नजरबंद रखा गया है।

पुलिस ने सोमवार की सुबह से ही राज्य के विभिन्न हिस्सों में नेताओं और कार्यकर्ताओं की गिरफ्तारी की, ताकि उन्हें हैदराबाद की ओर जाने से रोका जा सके। नेताओं को हैदराबाद के अलावा अन्य जिलों से गिरफ्तार किया गया।

प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए मुख्यमंत्री के आधिकारिक आवास प्रगति भवन के आसपास सैकड़ों पुलिसकर्मियों को तैनात किया गया। बेगमपेट में प्रगति भवन की ओर जाने वाली सड़कों पर बैरिकेड्स लगाए गए थे, जिससे शहर के बीचों-बीच व्यस्त इलाकों में ट्रैफिक जाम की स्थिति देखने को मिली।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं को क्षेत्र में पहुंचने से रोकने के लिए अधिकारियों ने बेगमपेट में हैदराबाद मेट्रो रेल स्टेशन को भी बंद कर दिया।

पुलिस अधिकारियों ने बेगमपेट और आसपास के इलाकों में होटल और लॉज की भी तलाशी ली। पुलिस सुनिश्चित होना चाहती थी कि कहीं कांग्रेस कार्यकर्ता यहां तो नहीं ठहरे हैं।

प्रगति भवन के पास पहुंचने में कामयाब रहे पूर्व सांसद अंजन कुमार यादव और उनके समर्थकों को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया।

टीएसआरटीसी कर्मचारियों की मांगों को लेकर सरकार के अड़ियल रवैये के विरोध में कांग्रेस पार्टी ने ‘चलो प्रगति भवन’ की योजना बनाई थी। परिवहन निगम के कर्मचारियों की हड़ताल सोमवार को 17वें दिन भी जारी रही।

मुख्यमंत्री ने कर्मचारियों के साथ बातचीत से इनकार कर दिया है। इस हड़ताल के बाद से दो कर्मचारियों द्वारा आत्महत्या की गई है, वहीं दिल का दौरा पड़ने से भी कुछ अन्य कर्मियों की मौत हो गई।

गौरतलब है कि टीएसआरटीसी कर्मचारियों के आह्वान पर शनिवार को राज्यव्यापी बंद किया गया था, जिससे लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ा था।