दिल्ली में भाजपा का मुख्यमंत्री उम्मीदवार तय करने सर्वेक्षण

नई दिल्ली, 23 अक्टूबर (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) एक महीने के भीतर यह तय कर सकती है कि वह दिल्ली में मुख्यमंत्री के चेहरे के साथ चुनाव में जाएगी या नहीं। इस उद्देश्य को लेकर एक सर्वेक्षण जारी है। मुख्यमंत्री के रूप में अरविंद केजरीवाल का कार्यकाल फरवरी 2020 में समाप्त हो रहा है और इसके साथ ही दिल्ली विधानसभा चुनाव की सरगर्मी शुरू हो गई है।

सूत्रों के अनुसार, भाजपा चुनाव से पहले मुख्यमंत्री उम्मीदवार प्रोजेक्ट नहीं करना चाहती, लेकिन इसे लेकर दूसरी राय भी है।

पार्टी के एक सूत्र ने कहा, “पार्टी के भीतर एक वर्ग का मानना है कि मुख्यमंत्री के चेहरे के साथ चुनाव में नहीं जाना पार्टी को महंगा पड़ सकता है। इसके बाद सर्वेक्षण कराने का विचार आया, जो तीन चरणों में किया जा रहा है।”

सूत्र ने कहा कि सर्वे में शुरुआत से संकेत मिल रहा है कि मुख्यमंत्री के चेहरे के साथ लोग भाजपा को तरजीह देंगे।

केजरीवाल के मुख्यमंत्री के रूप में चेहरे के साथ आम आदमी पार्टी (आप) का दावा है कि भाजपा में मुख्यमंत्री पद के उम्मीदवार को लेकर लड़ाई है।

आप नेता संजय सिंह ने कहा कि भाजपा के दिल्ली प्रमुख मनोज तिवारी, दिल्ली विधानसभा में विपक्ष के नेता विजेंद्र गुप्ता और राज्यसभा सांसद विजय गोलय में दिल्ली में मुख्यमंत्री का चेहरा बनने को लेकर प्रतिस्पर्धा है।

भाजपा सूत्र ने कहा कि तीन चरण का सर्वेक्षण लगभग समाप्त हो गया है और इसके परिणाम जल्द ही भाजपा संसदीय बोर्ड के समक्ष अंतिम निर्णय के लिए रखे जाएंगे।