नासिक में दो नाबालिग लड़कियों के साथ बलात्कार

एक गर्भवती, दूसरी नव प्रसूता

नासिक: पुणे समाचार

नासिक में नाबालिग लड़कियों को शादी का झूठा झाँसा देकर बलात्कार करने की घटनाएँ बढ़ती जा रही हैं। बीते दिनों ऐसे ही एक अपराध का शिकार हुई नाबालिग लड़की ने बच्चे को जन्म दिया जबकि एक अन्य घटना में नाबालिग लड़की को गर्भवती बताया जा रहा है।
शहर के वडाला-पाथर्डी रोड पर स्थित कॉलेज के पीछे रहने वाली 15 साल की किशोरी को शादी का झाँसा देकर आरोपी ने उसके घर आकर बार-बार उसका बलात्कार किया। लगातार ऐसा होने से लड़की गर्भवती हो गई और हाल ही में उसने एक बच्चे को जन्म दिया। इस मामले में पीड़िता ने औरंगाबाद के पुंडलिक नगर पुलिस थाने में फरियाद लिखवाई है।

दूसरी घटना गोवर्धनपाड़ा से करंजाली बाँध परिसर के बीच रास्ते की है। जब वहाँ से पेठ तहसील के पवार पाडा में रहने वाली 13 वर्षीय लड़की स्कूल के लिए जा रही थी तब उसके घर के सामने रहने वाले आरोपी भरत किलबिले ने उसका शारीरिक शोषण किया। इतना ही नहीं आरोपी ने उसे धमकी भी दी कि वह इस बारे में किसी को कुछ न बताएँ। पिछले हफ्ते जब लड़की का जी मिचला और उसने पेट दर्द की शिकायत की तो उसे इलाज के लिए निजी अस्पताल में ले जाया गया। उसके गर्भाशय में सूजन थी, जिसके चलते डॉक्टरों ने सोनोग्राफी करने की सलाह दी। जिला सरकारी अस्पताल में सोनोग्राफी और इलाज के बाद पता चला कि वह गर्भवती है। डॉक्टरों ने उससे हमद्रदी से पूछताछ की तब लड़की ने सारा घटनाक्रम बताया। पीड़िता की माँ ने पेठ पुलिस थाने में आरोपी के विरोध में अपराध दर्ज किया है।