पाकिस्तानी राजदूत ने संयुक्त राष्ट्र महासभा अध्यक्ष से कश्मीर मुद्दे पर बात की

 न्यूयार्क, 27 अगस्त (आईएएनएस)| जम्मू एवं कश्मीर को मिले विशेष दर्जे को समाप्त करने के भारत सरकार के फैसले के खिलाफ अपनी मुहिम में दुनिया में अलग-थलग पड़ गए पाकिस्तान ने एक बार फिर संयुक्त राष्ट्र से मामले में हस्तक्षेप की गुहार लगाई है।

  संयुक्त राष्ट्र में पाकिस्तान की राजदूत मलीहा लोधी ने संयुक्त राष्ट्र महासभा की अध्यक्ष मरिया फर्नाडा एस्पिनोजा से मुलाकात कर उनसे ‘कश्मीर की स्थिति पर’ बात की है। पाकिस्तानी मीडिया में प्रकाशित रिपोर्ट के अनुसार लोधी ने एस्पिनोजा को ‘भारत के कब्जे वाले कश्मीर में मानवाधिकारों के हो रहे उल्लंघन के बारे में विस्तार से अवगत कराया।’ उन्होंने कहा कि कश्मीर के मामले में संयुक्त राष्ट्र पर इतिहास ने जिम्मेदारी डाली हुई है जिसे उसे निभाना चाहिए।

लोधी ने अपने एक ट्वीट में कहा, “संयुक्त राष्ट्र महासभा अध्यक्ष मारिया फर्नाजा एस्पिनोजा से मुलाकात कर उन्हें कश्मीर की गंभीर स्थिति की विस्तार से जानकारी दी जहां कर्फ्यू और बंदी ने लोगों को परेशान किया हुआ है। संयुक्त राष्ट्र को अपनी जिम्मेदारियों के अनुकूल काम करना चाहिए।”