पुणे से लोकसभा चुनाव! ना बाबा ना…

पुणे। पुणे समाचार ऑनलाइन

पालकमंत्री गिरीश बापट के पुणे से लोकसभा चुनाव लड़ने की तैयारियों की खबर फैलते ही पूर्व उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने राष्ट्रवादी कांग्रेस के पास इस सीट से ‘तगड़ा’ प्रत्याशी रहने की घोषणा कर दी। इसी गहमागहमी में कांग्रेस की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण पुणे से लोकसभा चुनाव लड़ने की चर्चा ने जोर पकड़ा। इस पर खुद को कराड में संतुष्ट बताकर चव्हाण ने ‘ना बाबा ना’ कह दिया है। साथ ही इसे महज अफवाह बताकर इन चर्चाओं को पूर्ण विराम लगाने की कोशिश भी की।

लोकसभा चुनाव सालभर की दूरी पर हैं। पुणे की सीट से पालकमंत्री गिरीश बापट के इच्छुक रहने की खबर फैलते ही राष्ट्रवादी के नेता अजित पवार ने यह कहकर कांग्रेस के साथ गठबंधन में दरार पैदा करने की कोशिश की कि, पार्टी के पास पुणे के लिए ‘तगड़ा’ प्रत्याशी है। उनके इस बयान पर आगबबूला हुई कांग्रेस ने पुणे की सीट पर अपना दावा कायम रखते हुए न केवल उसके पास तगड़ा प्रत्याशी रहने का स्पष्टीकरण दिया बल्कि बारामती में भी कांग्रेस के पास सक्षम प्रत्याशी रहने का दावा किया। तब पुणे की सीट से पूर्व मुख्यमंत्री पृथ्वीराज चव्हाण के चुनाव लड़ने की चर्चा ने जोर पकड़ा।

पिछले कुछ दिनों से उनका पुणे में लगातार आने जाने को इसका आधार भी बताया गया। हांलाकि आज खुद चव्हाण ने इन चर्चाओं को अफवाह करार दिया कि, वे अपने कराड में संतुष्ट हैं। बहरहाल उनके मना करने के बाद पुणे की सीट से कांग्रेस का प्रत्याशी कौन? इसकी उत्सुकता बढ़ गई है।