प्रीमियर लीग : वूल्भ्स ने 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रही सिटी को 3-2 से हराया

वूल्भरहैम्प्टन (इंग्लैंड), 28 दिसम्बर (आईएएनएस)| वूल्भरहैम्प्टन ने 10 खिलाड़ियों के साथ खेल रहे मैनसेस्टर सिटी को इंग्लिश प्रीमियर लीग मुकाबले में 3-2 से हरा दिया। शुक्रवार को खेले गए इस मुकाबले में सिटी को 12वें मिनट के बाद ही 10 खिलाड़ियों के साथ खेलने को मजबूर होना पड़ा था क्योकि एडरसन सैंन्टाना को लाल कार्ड दिखा दिया गया था।

इस हार के बाद सिटी के 19 मैचों से 38 अंक हैं। उसके लिवरपूल को पीछे छोड़ते हुए अंक तालिका में शीर्ष स्थान हासिल करने के लक्ष्य को तगड़ा झटका लगा है। लिवरपूल की टीम के 52 अंक हैं।

इस बीच, वूल्भ्स टीम 30 अंकों के साथ पांचवें स्थान पर पहुंच गई है। वूल्भ्स ने इससे पहले बीते सीजन में 6 अक्टूबर को सिटी को हराया था। ऐसा करने वाली वह एकमात्र टीम है।

12वें मिनट में सैंन्टाना को लाल कार्ड दिखाए जाने के बाद सिटी टीम विचलित नहीं हुई और 25वें मिनट में पहला गोल दागकर लीड ले ली। उसके लिए यह गोल रहीम स्टर्लिग ने किया। रहीम यही नहीं रुके और 50वें मिनट में एक और गोल करते हुए सिटी को 2-0 से आगे कर दिया।

एडम ट्राओरे ने हालांकि 55वें मिनट में वूल्भ्स के लिए पहला गोल किया। इसके बाद राउल जिमेनेज ने 82वें मिनट में गोल कर स्कोर 2-2 कर दिया।

ऐसा लगा कि सिटी यह मैच ड्रॉ कराने में सफल हो जाएगी लेकिन तभी मैट डोहर्टी ने 89वें मिनट में निर्णायक गोल कर वूल्भ्स को 3-2 से शानदार जीत दिला दी।