बिहार में भाजपा अकेले चुनाव जीतने में सक्षम : संजय पासवान

पटना, 8 जनवरी (आईएएनएस)| भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष अमित शाह भले ही कह चुके हैं कि इस साल के अंत में होने वाला विधानसभा चुनाव राजग नीतीश कुमार के नेतृत्व में लड़ेगा, लेकिन बिहार भाजपा के नेताओं को यह फैसला शायद रास नहीं आ रहा है। भाजपा के विधान पार्षद संजय पासवान ने बुधवार को भाजपा का मुख्यमंत्री होने की वकालत की है। भाजपा नेता पासवान ने कहा कि बिहार के लोग किसी भाजपा नेता को बिहार के मुख्यमंत्री के रूप में देखना चाहते हैं। उन्होंने दावा किया कि झारखंड वाली स्थिति बिहार में नहीं है। बिहार में भाजपा किसी भी राज्य से और यहां के अन्य दलों से मजबूत और सक्रिय पार्टी है।

पसवान यहीं नहीं रुके। उन्होंने पत्रकारों से बातचीत में इशारों ही इशारों में भाजपा को अकेले चुनाव मैदान में उतरने की सलाह भी दे दी। उन्होंने कहा, “अंतिम फैसला प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सुशील मोदी को करना है और हम उनके फैसले का पालन करेंगे। लेकिन हम बिहार में अकेले चुनाव जीतने में सक्षम हैं।”

उल्लेखनीय है कि इससे पहले भाजपा अध्यक्ष अमित शाह कह चुके हैं कि नीतीश कुमार के ही नेतृत्व में बिहार विधानसभा का चुनाव लड़ा जाएगा और यहां राजग की ही सरकार बनेगी।

गौरतलब है कि बिहार में भाजपा, जद (यू) और लोजपा गठबंधन की सरकार चल रही है, जिसका नेतृत्व नीतीश कुमार कर रहे हैं।