भारतीय हॉकी टीम के एनालिटिकल कोच नियुक्त किए गए क्लार्क

नई दिल्ली, 5 जनवरी (आईएएनएस)। दक्षिण अफ्रीका के लिए ओलंपिक खेल चुके ग्रेग क्लार्क को भारत की पुरुष हॉकी टीम का नया एनालिटिकल कोच नियुक्त किया गया है।

इससे पहले 2017 से 2020 तक कनाडा की राष्ट्रीय पुरुष हॉकी टीम के सहायक कोच रह चुके क्लार्क को टोक्यो ओलंपिक तक टीम के साथ बने रहना है।

टोक्यो ओलंपिक का आयोजन इस साल 23 जुलाई से 8 अगस्त तक होना है। मूल रूप से इसका आयोजन बीते साल इसी अवधि के दौरान होना था लेकिन कोरोना महामारी के कारण इसे इस साल तक के लिए टाल दिया गया था।

क्लार्क के पास बतौर खिलाड़ी 11 साल का अनुभव है। वह दक्षिण अफ्रीका के लिए 250 मैच खेले हैं और दो बार विश्व कप, दो बार राष्ट्रमंडल खेल और दो बार ओलंपिक खेल चुके हैं।

भारतीय टीम के मुख्य कोच ग्राहम रीड ने टीम में क्लार्क का स्वागत करते हुए उनकी नियुक्ति को एक स्वागतयोग्य कदम बताया है।

–आईएएनएस

जेएनएस