भारत दुनिया की दुष्कर्म राजधानी : राहुल गांधी

वायनाड (केरल), 7 दिसम्बर (आईएएनएस)| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधते हुए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने शनिवार को कहा कि अंतर्राष्ट्रीय मीडिया के अनुसार, देश में मौजूदा स्थिति ऐसी है कि भारत दुनिया की दुष्कर्म राजधानी बन गया है।

अपने निर्वाचन क्षेत्र के तीन दिवसीय दौरे के आखिरी दिन राहुल ने एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा कि महिलाओं और बच्चों पर हमले की रिपोर्ट्स गंभीर चिंता का कारण हैं।

उन्होंने कहा, “विदेश में कई सवाल पूछे जा रहे हैं कि भारत में महिलाएं और बच्चे सुरक्षित क्यों नहीं हैं। उत्तर प्रदेश में भी जब एक विधायक दुष्कर्म के मामले में शामिल है तो प्रधानमंत्री ने अभी तक इसके बारे में एक शब्द भी नहीं कहा है। आज स्थिति ऐसी है कि भारत दुनिया की दुष्कर्म राजधानी बन गया है।”

उन्होंने यह भी कहा कि देश किसी ऐसे व्यक्ति द्वारा शासित है जो हिंसा और देश को विभाजित करने में विश्वास करता है। राहुल ने कहा, “देश में नेतृत्व पूरी तरह से विफल है।”