मप्र में हवाएं सिहरन पैदा कर रहीं

भोपाल, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)| मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल सहित राज्य के कई हिस्सों में बुधवार की सुबह से आंशिक बादल छाए हुए हैं और साथ ही चल रही हवाएं सिहरन पैदा कर रही हैं। राज्य से मानसून की विदाई हो चुकी है, मौसम में बदलाव का क्रम बना हुआ है। बुधवार की सुबह से आसमान पर आंशिक बादलों का डेरा होने के कारण धूप की चुभन नहीं हैं। हवाएं जरूर सिहरन पैदा कर रही हैं। राज्य के कई हिस्सों में सुबह और रात को गुलाबी ठंड का अहसास होने लगा है। मौसम विभाग का पूर्वानुमान है कि, आगामी 24 घंटों में राज्य का मौसम शुष्क ही रहेगा।

राज्य के तापमान में उतार-चढ़ाव जारी है। बुधवार को भोपाल का न्यूनतम तापमान 19.4 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 18.4, ग्वालियर का 18.4 और जबलपुर का न्यूनतम तापमान 20.2 सेल्सियस दर्ज किया गया।

वहीं, मंगलवार को भोपाल का अधिकतम तापमान 31.6 डिग्री सेल्सियस, इंदौर का 32.5 डिग्री सेल्सियस, ग्वालियर का 34.5 डिग्री सेल्सियस और जबलपुर का अधिकतम तापमान 32़1 डिग्री सेल्सियस रहा।