महाराष्ट्र और ओडिशा सब जूनियर खो खो नेशनल्स के फाइनल में

रांची, 5 अक्टूबर (आईएएनएस)| मौजूदा चैम्पियन महाराष्ट्र और ओडिशा के लड़कों और लड़कियों की टीमें होटवार के अल्बर्ट एक्का खो खो स्टेडियम में जारी 30वीं खो खो सब जूनियर नेशनल्स के फाइनल में एक दूसरे से भिड़ेंगी। फाइनल मुकाबला रविवार को खेला जाएगा।

महाराष्ट्र ने अपना वर्चस्व जारी रखते हुए लड़कों के वर्ग में कोल्हापुर को क्वार्टर फाइनल में चार अंक और एक पारी से हराया। कोल्हापुर की टीम ने अब तक टूर्नामेंट में शानदार प्रदर्शन किया था लेकिन वह महाराष्ट्र के दमखम के आगे नहीं टिक सकी।

सेमीफाइनल में महाराष्ट्र का सामना उत्तर प्रदेश से हुआ। लड़कों के इस वर्ग में दोनोंे टीमों के बीच जोरदार भिड़ंत हुई, जिसमें महाराष्ट्र ने तीन अंक से जीत हासिल की। इससे पहले महाराष्ट्र ने प्री-क्वार्टर फाइनल में तमिलनाडु को हराया था।

महाराष्ट्र की टीम एक तरफ जहां शानदार खेल रही थी वहीं ओडिशा ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए लड़कों के वर्ग में गुजरात की चुनौती को दो अंकों के साथ खत्म की। सेमीफाइनल में ओडिशा का सामना आंध्र प्रदेश से हुआ, जिसमें ओडिशा ने तीन अंकों से जीत हासिल की।

महाराष्ट्र की लड़कियों ने भी अपनी चमक दिखाते हुए फाइनल में स्थान पक्का किया। महाराष्ट्र की टीम ने हरियाणा और कर्नाटक को क्रमश: क्वार्टर और सेमीफाइनल में हराया। अब उनका सामना ओडिशा से होगा, जिसे गुजरात को क्वार्टर फाइनल में और झारखंड को सेमीफाइनल में हराया।

झारखंड के लड़कों की टीम प्री-क्वार्टर फाइनल में गुजरात के हाथों चार अंक से हार गई।