मानसून एक हफ्ते की देरी से हिमाचल पहुंचा

शिमला, 5 जुलाई (आईएएनएस)| एक हफ्ते की देरी के बाद दक्षिण पश्चिम मानसून शुक्रवार को पूरे हिमाचल प्रदेश में सक्रिय हो गया। कई इलाकों में बीते 24 घंटों में मध्यम बारिश हुई है। मौसम विभाग के निदेशक मनमोहन सिंह ने आईएएनएस से कहा, “दक्षिण पश्चिम मानसून ने पूरे राज्य को कवर किया है।”

सामान्य तौर पर राज्य में मानसून 27 जून को दस्तक दे देता है।

कांगड़ा जिले के धर्मशाला शहर में सुबह 8.30 बजे तक 58 मिमी बारिश हुई। यहां राज्य में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। सोलन जिले के कसौली में 42 मिमी व सिरमौर जिले के पोंटा साहिब में 27 मिमी बारिश दर्ज की गई।

राज्य की राजधानी शिमला में 3.4 मिमी बारिश हुई, जबकि डलहौजी में 12 मिमी बारिश हुई।

सिंह ने कहा कि पिछले मानसून सत्र में जून से सितंबर तक कुल बारिश 927 मिमी हुई थी, जो सामान्य से 21 फीसदी ज्यादा थी।

राज्य में एक जून से 5 जुलाई तक 74.7 मिमी बारिश हुई जो औसत से 42 फीसदी कम है।