मिजोरम विश्व स्तर पर मनाएगा एकता उत्सव

 आइजोल, 16 अगस्त (आईएएनएस)| मिजोरम सरकार ने दुनियाभर में बसे मिजो मूल के सभी लोगों में एकता और भाईचारा सुनिश्चित करने के लिए विश्व स्तर पर एकता उत्सव आयोजित करने का फैसला किया है।

  यह जानकारी पर्यटन विभाग के एक अधिकारी ने शुक्रवार को दी। अधिकारी ने कहा, “दुनियाभर में सभी मिजोरम से जुड़े लोगों की एकता और भाईचारा सुनिश्चित करने के लिए राज्य सरकार ने एक करोड़ रुपये आवंटित किए हैं।”

मुख्यमंत्री जोरमथांगा ने गुरुवार को स्वतंत्रता दिवस के मौके पर अपने संबोधन में इस योजना की जानकारी दी थी।

उन्होंने कहा, “पूरी दुनिया में मिजो एकता उत्सवों का आयोजन मिजोरम से जुड़े सभी लोगों की एकता और भाईचारा सुनिश्चित करने का लक्ष्य है, जो हमारी पहले की प्रतिबद्धता का एक हिस्सा है।”

दस लाख 91 हजार 14 की जनसंख्या (2011 की जनगणना के अनुसार) के साथ मिजोरम एक इसाई बहुसंख्यक राज्य है। यहां 87 फीसदी लोग इसाई हैं।

राज्य के पर्यटन विभाग ने पिछले साल अर्जेंटीना में युवा ओलंपिक में हुई वेटलिफ्टिंग (पुरुषों का 62 किलोग्राम वर्ग) स्पर्धा में गोल्ड मेडलिस्ट जेरेमी लालरिनुंगा को 2019-20 के लिए अपना ब्रांड एंबेसडर नियुक्त किया है।

पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए राज्य सरकार ने सकवरहमुइतुआई त्लांग पर्वत पर पहले स्काईवॉक के निर्माण के लिए भी बड़े पैमाने पर प्रयास किया है।