मुंबई पुलिस ने दाऊद के संबंधी को गिरफ्तार किया

 मुंबई, 18 जुलाई (आईएएनएस)| मुंबई पुलिस के एंटी-एक्सटॉर्शन सेल (एईसी) ने रिजवान इकबाल कासकर को गिरफ्तार किया है। वह देश छोड़कर भागने की कोशिश कर रहा था।

  रिजवान, भगोड़े माफिया डॉन दाऊद इब्राहिम कासकर का भतीजा है।

सूत्रों ने यह जानकारी गुरुवार को दी।

रिजवान को मुंबई हवाईअड्डे पर पहचान के बाद गिरफ्तार किया गया। वह कथित तौर पर बुधवार की रात दुबई के लिए उड़ान पकड़ने वाला था।

रिजवान, दाऊद के छोटे भाई इकबाल इब्राहिम कासकर का बेटा है। इकबाल वर्तमान में हिरासत में है।

महज दो दिन पहले एईसी ने अहमद रजा वाधरिया को गिरफ्तार किया था। वह दाऊद गैंगेस्टर फहीम मचमच का विश्वासपात्र है।

वाधरिया से पूछताछ के दौरान रिजवान का नाम भी उभर के सामने आया और सूचना की पुष्टि के बाद पुलिस ने उसके लिए जाल बिछाया और गिरफ्तार कर लिया।