मोदी इसरो में विद्यार्थियों संग चंद्रयान-2 की लैंडिंग देखेंगे

नई दिल्ली, 6 सितम्बर (आईएएनएस)| प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को चंद्रयान-2 के चंद्रमा की सतह पर उतरने के अंतिम पड़ाव को देखने के लिए बेंगलुरू के इसरो मुख्यालय में विद्यार्थियों संग उपस्थित रहेंगे। अधिकारियों ने कहा कि मोदी उपग्रह नियंत्रण केंद्र(एससीसी), इसरो टेलीमेट्री, ट्रैकिंग एंड कमांड नेटवर्क (आईएसटीआरएसी) के जरिए चंद्रयान-2 के चंद्रमा के दक्षिणी ध्रुव पर उतरने की अंतिम प्रक्रिया का साक्षी बनेंगे। इसके साथ ही वह ‘स्पेस क्विज’ के विजेताओं के साथ बातचीत भी करेंगे। ‘स्पेस क्विज’ कक्षा 8 से 10 तक के विद्यार्थियों के लिए आयोजित किया गया था और इसमें विजयी विद्यार्थियों को इसरो में चंद्रयान-2 के चंद्रमा पर उतरने की अंतिम प्रक्रिया को देखने के लिए आमंत्रित किया गया है।

अधिकारियों ने कहा कि इसरो में मोदी के आने से अंतरिक्ष वैज्ञानिकों का मनोबल बढ़ेगा और युवाओं को एक आविष्कारी मानसिकता विकसित करने की प्रेरणा भी मिलेगी।

वहीं मोदी ने कहा कि चंद्रयान-2 “दिल से भारतीय, आत्मा से भारतीय मिशन है! जो हर भारतीय को रोमांचित कर देगा, सच तो यह है कि यह पूरी तरह स्वदेशी मिशन है।”

इसरो ने अपने बयान में कहा, “लैंडर विक्रम भारतीय समयानुसार देर रात 1.00-2.00 बजे के बीच चंद्रमा की सतह पर उतरना शुरू करेगा और 1.30 से 2.30 बजे तक चंद्रमा की सतह पर उतर जाएगा।”