पिंपरी। संवाददाता विदेशों की धर्ती पर गार्डन्स के सुशोभीकरण पर पिंपरी चिंचवड़ मनपा द्वारा करोडों फूंके जा रहे हैं। पिंपले गुरव स्थित राजमाता जिजाऊ उद्यान में संगीतमय फौव्वारा (म्यूजिकल फाउंटेन) के निर्माणकार्य के टेंडर में गोलमाल का आरोप लगाते हुए जांच की मांग की जा रही है। मगर इस मांग को दरकिनार करते हुए बुधवार को स्थायी समिति ने इसके निर्माण के लिए चार करोड़ 14 लाख रुपए खर्च को मंजूरी दी है। इस म्यूजिकल फाउंटेन के निर्माण की टेंडर प्रक्रिया में मात्र दो कंपनियों ने हिस्सा लिया। ऐसे में जरूरत नये से टेंडर मंगाने की थी मगर प्रशासन ने ऐसा नहीं किया और लघुत्तम दर देने वाली कंपनी को इसका ठेका दे दिया। इसमें प्रशासन और सत्तादल की मिलीभगत से गोलमाल का आरोप लगाते हुए भूतपूर्व नगरसेवक मारुति भापकर ने उच्च स्तरीय जांच की मांग की थी। मगर इसे नजरअंदाज कर आज स्थायी समिति ने इसका प्रस्ताव पारित कर दिया। स्थायी समिति अध्यक्ष विलास मडिगेरी की अध्यक्षता में हुई इस सभा में विविध विकास विषयक 33 करोड़ 20 लाख 47 हजार रुपए खर्च को मंजूरी दी गई। इसमें प्रभाग क्रमांक 23 में श्मशान भूमि के नवीनीकरण के लिए एक करोड़ 66 लाख, बोपखेल में पुरुषों के 1स्वच्छता गृह बनाने के लिए 41 लाख 54 हजार, उद्यानों में जलापूर्ति के लिए बोरवेल की दुरुस्ती के लिए 14 लाख 99 हजार, मनपा अस्पतालों व दवाखानों में दवाइयां खरीदने 50 लाख, वाईसीएम हॉस्पिटल में नियोजित पीजीआई हेतु 451 पुस्तकों की खरीदी के लिए 15 लाख रुपये खर्च के प्रस्ताव शामिल हैं।
|