रांची टेस्ट : जीत की हैट्रिक की ओर बढ़ता भारत (लीड-1)

रांची, 21 अक्टूबर (आईएएनएस)| भारत का दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज को 3-0 से हथियाना का इरादा हकीकत के पास पहुंचता दिख रहा है। यहां झारखंड राज्य क्रिकेट संघ स्टेडियम में खेले जा रहे तीसरे टेस्ट मैच के तीसरे दिन सोमवार को भारत ने दक्षिण अफ्रीका को पहली पारी में 162 रनों पर ढेर कर फॉलोऑन के लिए आमंत्रित किया और दिन के दूसरे सत्र का खेल खत्म होने तक दूसरी पारी में उसके चार विकेट महज 26 रनों पर ही चटका दिए। भारत ने अपनी पहली पारी नौ विकेट के नुकसान पर 497 रनों पर घोषित की थी। मेहमान टीम अभी भी भारत से 309 रन पीछे है। तीसरे दिन चायकाल की घोषणा तक सलामी बल्लेबाज डीन एल्गर 16 रन बनाकर खेल रहे हैं। उनके साथ हेनरिक क्लासेन हैं जिन्होंने अभी तक खाता नहीं खोला है।

भारत ने दिन के दूसरे सत्र में दक्षिण अफ्रीका की पहली पारी समेट उसे फॉलोऑन के लिए बुलाया। मेहमान टीम के लिए हालांकि स्थिति नहीं बदली और उसके विकेटों का पतन जल्दी शुरू हो गया। पहले क्विंटन डी कॉक (5) को उमेश यादव ने बेहतरीन गेंद पर बोल्ड किया। इसके बाद मोहम्मद शमी ने पहली पारी में अर्धशतक जमाने वाले जुबेर हमजा को खाता खोले बिना बोल्ड कर मेहमान टीम का स्कोर 10 रनों पर दो विकेट कर दिया।

कप्तान फाफ डु प्लेसिस (4) भी शमी का शिकार बने। शमी ने टेम्बा बावुमा को भी खाता नहीं खोलने दिया। रिद्धिमान साहा ने शमी की गेंद पर बावुमा का कैच पकड़ा।

इससे पहले, दक्षिण अफ्रीका ने दिन की शुरुआत अपने पहली पारी के स्कोर दो विकेट के नुकसान पर नौ रनों के साथ की थी। पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका के सिर्फ तीन बल्लेबाज ही दहाई के आंकड़े को छू सके थे। हमजा ने उनमें सबसे ज्यादा 62 रन बनाए थे। बावुमा ने 32 और जॉर्ज लिंडा ने 37 रनों का योगदान दिया है।

हमाजा ने बावुमा के साथ चौथे विकेट के लिए 91 रनों की साझेदारी की थी। वहीं लिंडा ने एनरिक नॉर्टजे (4) के साथ आठवें विकेट के लिए 32 रन जोड़े थे जो पहली पारी में दक्षिण अफ्रीका की दूसरी सबसे बड़ी साझेदारी रही थी।

पहली पारी में भारत के लिए उमेश यादव ने तीन विकेट लिए। शमी, रवींद्र जडेजा और पदार्पण टेस्ट खेल रहे शहबाज नदीम ने दो-दो सफलताएं अर्जित कीं।