राजस्थान के पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह ने भाजपा की सदस्यता ली

लखनऊ, 9 सितंबर (आईएएनएस)| राजस्थान के पूर्व राज्यपाल व उप्र के पूर्व मुख्यमंत्री कल्याण सिंह ने सोमवार को भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की फिर से सदस्यता ग्रहण कर ली। भाजपा प्रदेश मुख्यालय में पूर्व राज्यपाल कल्याण सिंह को भाजपा प्रदेश अध्यक्ष स्वतंत्र देव सिंह ने पार्टी की सदस्यता प्रदान की। इसके साथ ही 87 वर्ष के कल्याण सिंह ने सक्रिय राजनीति में वापसी कर ली है।

राज्यपाल पद से सेवानिवृत्त होने के बाद लखनऊ लौटने पर कल्याण सिंह का उनके समर्थकों ने जोरदार स्वागत किया। इसके बाद वह सीधे भाजपा प्रदेश मुख्यालय गए। पार्टी की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कल्याण सिंह अपने पौत्र एवं राज्यमंत्री संदीप सिंह के माल एवेन्यू स्थित आवास पर कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे।

राजस्थान के राज्यपाल रहे भाजपा के वरिष्ठ नेता कल्याण सिंह के स्थान पर कलराज मिश्र को राजस्थान का गवर्नर बनाया गया है।

ज्ञात हो कि कल्याण सिंह बीते पांच वर्ष से उत्तर प्रदेश की सक्रिय राजनीति से बाहर थे। लंबे समय तक पार्टी के प्रमुख रणनीतिकार कल्याण ने आगे की भूमिका के लिए खुद को तैयार करना शुरू कर दिया है। वहीं अयोध्या में राम मंदिर निर्माण और 2022 में होने वाले विधानसभा चुनाव में कल्याण सिंह एक बड़ी भूमिका में नजर आ सकते हैं। अब कल्याण सिंह पार्टी में आगे के लिए अपनी भूमिका तैयार कर रहे हैं। उनके पुत्र राजवीर सिंह राजू एटा से सांसद हैं, जबकि राजवीर सिंह के पुत्र संदीप सिंह योगी आदित्यनाथ सरकार में राज्यमंत्री हैं।

वर्तमान समय में एक बार फिर मंदिर मुद्दा गरम है। ऐसे में कल्याण की वापसी भाजपा के लिए मुफीद साबित हो सकती है। अदालत में राम जन्मभूमि को लेकर सुनवाई हो रही है और तीन महीने में इसका निर्णय आने की संभावना है।