रूसी कैडेटों द्वारा गाया, ‘ऐ वतन, ऐ वतन..’ गाने का वीडियो वायरल

नई दिल्ली, 30 नवंबर (आईएएनएस)| ट्विटर पर एक वीडियो वायरल हो रहा है, जिसमें लोग फिल्म ‘शहीद’ का गाना ‘ऐ वतन’ गाते दिख रहे हैं। दिलचस्प बात यह है कि ये लोग कोई और नहीं, बल्कि रूसी सेना के कैडेट हैं, जो एक सुर में ‘ऐ वतन, ऐ वतन हमको तेरी कसम तेरी राहों में जां तक लुटा जाएंगे’ गाते नजर आ रहे हैं। मोहम्मद रफी द्वारा गाया यह गीत ‘ऐ वतन..’ 1965 में रिलीज हुआ था। वीडियो को देख एक ट्विटर यूजर ने लिखा, “इसने मेरा दिन बना दिया, रूसी सेना के जवान ‘ऐ वतन ऐ वतन’ गा रहे हैं।”

वीडियो में ब्रिगेडियर राजेश पुष्कर भी नजर आ रहे हैं, जो मॉस्को स्थित भारतीय दूतावास में सेना के सलाहकार हैं।

एक अन्य ने टिप्पणी की, “लाजवाब! रूसी लोग भारतीय देशभक्ति गाना ‘ऐ वतन’ गा रहे हैं।”

दूसरे ने लिखा, “रूस आजादी के बाद से ही भारत का सच्चा साथी देश है। उनका समर्थन पाकर आनंदित हैं।”