रॉबर्ट मुगाबे को 15 सितम्बर को दफनाया जाएगा

हरारे, 9 सितम्बर (आईएएनएस)| जिम्बाब्वे के दिवंगत राष्ट्रपति रॉबर्ट मुगाबे को 15 सितम्बर को दफनाया जाएगा। एक सरकारी बयान में यह जानकारी दी गई।

मुगाबे (95) का छह सितम्बर को सिंगापुर में निधन हो गया, जहां वह अप्रैल से इलाज करा रहे थे। उन्होंने जिम्बाब्वे पर करीब चार दशकों तक शासन किया। उन्हें नवंबर 2017 में पद से बेदखल कर दिया गया।

समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के मुताबिक, रविवार को जारी बयान के अनुसार, विदेश मंत्रालय ने कहा कि मुगाबे के लिए फ्यूनरल सर्विस का आयोजन शनिवार को नेशनल स्पोर्ट्स स्टेडियम में किया जाएगा। यह आयोजन उन्हें इसी दिन दफनाने से पहले किया जाएगा।

मंत्रालय ने यह संकेत नहीं दिया कि मुगाबे को कहां दफनाया जाएगा।

देश की परंपरा के अनुसार, राष्ट्रीय शख्सियतों को नेशनल हीरोज स्थल में दफनाया जाता है। यह राजधानी हरारे में एक पहाड़ी की चोटी पर स्थित है। हालांकि, उनका परिवार दफनाने की कोई अन्य जगह भी चुन सकता है।

सरकार ने कहा है कि उप राष्ट्रपति केम्बो मोहादी की अगुवाई में मुगाबे के शव की स्वदेश वापसी के लिए एक उच्चस्तरीय प्रतिनिधिमंडल भेजा जाएगा।

मुगाबे के शव के बुधवार को देश पहुंचने की उम्मीद है।