लीबिया के तट से 1,487 अवैध प्रवासियों को किया गया रेस्क्यू

त्रिपोली, 9 फरवरी (आईएएनएस)। इंटरनेशनल ऑर्गनाइजेशन फॉर माइग्रेशन (आईओएम) ने कहा कि पिछले सप्ताह में लीबिया के तट से कम से कम 1,487 अवैध प्रवासियों को बचाया गया था।

आईओएम ने सोमवार को कहा, 2-8 फरवरी की अवधि में 1,487 प्रवासियों को समुद्र में बचाया गया।

सिंहुआ न्यूज एजेंसी ने यूएन बॉडी का हवाला देते हुए कहा कि इस साल अब तक कुल 1,956 अवैध प्रवासियों को लीबिया के तट से बचाया गया है, जिनमें 185 महिलाएं और 124 बच्चे शामिल हैं।

आईओएम ने यह भी कहा कि 20 अवैध प्रवासियों की मौत हो गई है, जबकि 67 अन्य 2021 में केंद्रीय भूमध्य मार्ग पर लापता हो गए।

आईओम के अनुसार, 2019 में 9,225 की तुलना में 2020 में 11,891 अवैध प्रवासियों को लीबिया के तट से बचाया गया।

संयुक्त राष्ट्र की एजेंसी ने यह भी कहा कि पिछले साल केंद्रीय भूमध्य मार्ग पर 316 प्रवासियों की मृत्यु हो गई और 417 अन्य लापता हो गए, जबकि 2019 में 270 प्रवासियों की मृत्यु और 992 लापता होने की सूचना मिली है।

2011 में पूर्व नेता मुअम्मर गद्दाफी के पतन के बाद उत्तरी अफ्रीकी राष्ट्र में असुरक्षा और अराजकता की स्थिति के कारण हजारों अवैध आप्रवासियों, ज्यादातर अफ्रीकियों ने लीबिया से यूरोप की ओर भूमध्य सागर पार करने को चुना।

–आईएएनएस

एवाईवी/एएनएम