लोकसभा अध्यक्ष ने वैज्ञानिकों व प्रधानमंत्री को दिया चंद्रयान-2 के सफल प्रक्षेपण का श्रेय

 नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)| लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने भारत के दूसरे चंद्रमा अभियान के लिए सोमवार को ‘बाहुबली’ (जीएसएलवी मार्क-3) रॉकेट के सफलतापूर्वक प्रक्षेपण के बाद इस उपलब्धि के लिए देश के वैज्ञानिकों और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को बधाई दी।

 आंध्रप्रदेश के श्रीहरिकोटा से भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (इसरो) द्वारा सोमवार की दोपहर बाद 2:43 बजे चंद्रयान-2 का सफलतापूर्वक प्रक्षेपण किया गया। चांद के दक्षिणी भाग पर अध्ययन करने के लिए चंद्रयान-2 दुनिया का पहला मिशन है।

सदन की कार्यवाही के दौरान बिरला ने कहा, “इस मिशन की शुरुआत के साथ भारत ने अंतरिक्ष के क्षेत्र में हमारी शक्ति व मजबूती का संदेश फैलाया है।”

अध्यक्ष ने कहा कि इस उपलब्धि ने देशवासियों व हमारे वैज्ञानिकों का गौरव बढ़ाया है।

बिरला ने कहा, “यह सदन इसरो के सभी वैज्ञानिकों को उनकी कड़ी मेहनत के लिए बधाई देता है। यह भारतीय वैज्ञानिकों की क्षमता और शक्ति को दर्शाता है।”

उन्होंने मिशन की सफलता के लिए प्रधानमंत्री की सराहना भी की। हालांकि इस पर विपक्ष की ओर से तीखी आलोचना की गई। विपक्ष की ओर से एक सदस्य ने कहा, “इसमें प्रधानमंत्री कहां से आ गए?”

अपनी प्रतिक्रिया में बिरला ने कहा, “यह सफल प्रक्षेपण इस देश के प्रधानमंत्री के नेतृत्व में हमारे वैज्ञानिकों की कड़ी मेहनत के कारण हुआ।”

चंद्रयान-2 मिशन की सफलता के बाद भारत अमेरिका, रूस और चीन के बाद चंद्रमा की यात्रा व उसकी सतह पर उतरने वाला दुनिया का चौथा देश बन जाएगा।