विपक्ष से बातचीत सफलतापूर्वक संपन्न हुई : वेनेजुएला

काराकस, 11 जुलाई (आईएएनएस)| वेनेजुएला की सरकार ने घोषणा की है कि कैरेबियाई द्वीप बाराबडोस में नार्वे की मध्यस्थता में विपक्ष के साथ हुई उसकी वार्ता सफलतापूर्वक सम्पन्न हुई है। हालांकि, सरकार ने इस पर ज्यादा जानकारी उपलब्ध नहीं कराई। समाचार एजेंसी एफे की रिपोर्ट के अनुसार, संचार मंत्री जॉर्ज रोड्रिगेज ने बुधवार को ट्वीट किया कि बाराबडोस में वार्ता समाप्त हो चुकी है। संवैधानिक और शांतिपूर्ण माध्यमों से विवादों के निपटारे के लिए वार्ता की गई थी।

उन्होंने कहा कि बैठक सफल रही और सत्कार करने के लिए उन्होंने बाराबडोस की प्रधानमंत्री मिया मोटले का धन्यवाद किया।

अब तक किसी अन्य नेता ने राष्ट्रपति निकोलस मादुरो की सरकार और नेशनल असेंबली के स्पीकर जुआन गुआइडो के बीच इस सप्ताह हुई वार्ता की कोई जानकारी नहीं दी है।

गुआइडो ने मंगलवार को कहा कि यूरोपीय संघ के मध्यस्थ एनरिक वी. इग्लेसियास के साथ निजी बैठक के बाद राष्ट्रीय समस्या का समाधान निकालने के लिए स्थितियां मौजूद हैं।

वेनेजुएला में जनवरी से भारी राजनीतिक संकट व्याप्त है जब मादुरो ने चुनाव जीतने के बाद छठे कार्यकाल के लिए शपथ ग्रहण की थी। विपक्ष ने इस चुनाव को धोखाधड़ी कहा था।

गुआइडो ने खुद को अंतरिम राष्ट्रपति घोषित किया था, हालांकि उनके हाथ में प्रशासन और सेना का नियंत्रण नहीं आया।